यूरोपीय परिषद अध्यक्ष ने इजराइल और हिज्बुल्लाह से युद्धविराम करने की अपील की | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

यूरोपीय परिषद अध्यक्ष ने इजराइल और हिज्बुल्लाह से युद्धविराम करने की अपील की

Date : 26-Mar-2026

 अंकारा, 26 मार्च । यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने इजराइल और लेबनान के उग्रवादी संगठन हिज्बुल्लाह के बीच जारी युद्ध पर गहरी चिंता जतायी है और नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर दोनों पक्षों से युद्धविराम करने की अपील की।

तुर्किये की संवाद समिति अनाडाेलू एजेंसी की एक रिपोर्ट में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष कोस्टा ने मौजूदा हालात को बेहद खराब बताते हुए कहा कि देश में 13 लाख से अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं। उन्होंने इस संदर्भ में लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन से बातचीत की और यूरोपीय परिषद की ओर से संवेदना एवं समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने लेबनान द्वारा हिज़्बुल्लाह की सैन्य गतिविधियों पर रोक लगाने के कदम का स्वागत किया और संगठन से तुरंत हमले बंद करने को कहा।

कोस्टा ने इज़राइल से भी अपने सैन्य अभियान रोकने और लेबनान के अधिकारियों के साथ सीधे संवाद शुरू करने की अपील की। उन्होंने सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करने और नागरिकों एवं बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

गौरतलब है कि दो मार्च को हिज़्बुल्लाह के सीमा पार हमलों के बाद इजराइल ने लेबनान में हवाई हमले शुरू किए और दक्षिणी हिस्सों में जमीनी कार्रवाई भी की। लेबनान के मुताबिक इन हमलों में अब तक 1,072 लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 2,966 लोग घायल हुए हैं।

यह तनाव उस समय और बढ़ गया जब अमेरिका एवं इज़राइल ने ईरान पर संयुक्त हमले किए। जवाब में ईरान ने ड्रोन और मिसाइल हमलों के जरिए प्रतिक्रिया दी, जिनका निशाना इजराइल के साथ-साथ जॉर्डन, इराक और खाड़ी क्षेत्र के कुछ हिस्से भी बने।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement