उत्तर कोरिया और बेलारूस ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस का समर्थन किया, किम और लुकाशेंको ने शिखर वार्ता में सहयोग संधि पर किए हस्ताक्षर | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

उत्तर कोरिया और बेलारूस ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस का समर्थन किया, किम और लुकाशेंको ने शिखर वार्ता में सहयोग संधि पर किए हस्ताक्षर

Date : 27-Mar-2026

 प्योंगयांग ( उत्तर कोरिया), 27 मार्च । उत्तर कोरिया और बेलारूस ने युक्रेन युद्ध में रूस का समर्थन किया है। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन और बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने गुरुवार को शिखर वार्ता में समर्थन दोहराते हुए दोस्ती व सहयोग पर एक संधि पर हस्ताक्षर किए। उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

द कोरिया टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) ने बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सहयोगी लुकाशेंको ने किम के निमंत्रण पर बुधवार और गुरुवार को उत्तर कोरिया का दो दिवसीय आधिकारिक दौरा किया।

शिखर वार्ता के दौरान लुकाशेंको ने कहा कि प्योंगयांग-मिन्स्क संबंधों ने "विकास के एक नए चरण" में प्रवेश कर लिया है। इस दौरान किम ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर "संप्रभु अधिकारों की रक्षा" करने की बेलारूसी नेता की नीति के प्रति एकजुटता व्यक्त की।

इस दौरान बेलारूस और उत्तर कोरिया ने यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध का समर्थन किया और इसी आधार पर दोनों देशों ने अपने संबंधों और सहयोग को मजबूत किया है। साथ ही दोनों नेताओं ने उच्च-स्तरीय आदान-प्रदान और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से कई योजनाओं पर चर्चा की। आपसी चिंता से जुड़े अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी बात की।

किम और लुकाशेंको ने मित्रता और सहयोग पर एक संधि के अलावा कूटनीति, कृषि, सार्वजनिक स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य क्षेत्रों से जुड़े कई समझौतों पर भी दस्तखत किए। बातचीत के बाद नेताओं ने फोटो खिंचवाए और उपहारों का आदान-प्रदान किया। दौरे के आखिरी चरण में किम ने लुकाशेंको के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया।

दोनों नेताओं ने आइस रिंक पर एक कलात्मक प्रस्तुति भी देखी। गुरुवार को बेलारूस के राष्ट्रपति प्योंगयांग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपने निजी जेट से रवाना हो गए। किम उन्हें विदा करने के लिए वहां मौजूद रहे। उत्तर कोरिया और बेलारूस ने औपचारिक रूप से 1992 में राजनयिक संबंध स्थापित किए थे। 1995 से दोनों संयुक्त व्यापार और आर्थिक सहयोग समिति का संचालन कर रहे हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement