नेपाली नववर्ष 14 अप्रैल से काठमांडू में शुरू होगी रात की सार्वजनिक बस सेवा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

नेपाली नववर्ष 14 अप्रैल से काठमांडू में शुरू होगी रात की सार्वजनिक बस सेवा

Date : 02-Apr-2026

 काठमांडू, 02 अप्रैल । काठमांडू महानगरपालिका ने साझा यातायात के समन्वय में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा बढ़ाने के लिए 14 अप्रैल (नेपाली नववर्ष) से रातकालीन सार्वजनिक परिवहन सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।

काठमांडू की कार्यवाहक मेयर सुनिता डंगोल ने बताया कि रात 8 बजे के बाद सार्वजनिक परिवहन की कमी के कारण लोगों को महंगे विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ता था। उन्होंने कहा कि इस समस्या से विशेष रूप से छात्र, महिलाएं और युवा लड़कियां प्रभावित हो रही थीं, जिन्हें आर्थिक बोझ और सुरक्षा संबंधी जोखिम झेलने पड़ते थे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन और विकल्पों की कमी के कारण लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर महिलाएं और युवा लड़कियां उत्पीड़न का सामना कर रही थीं, जबकि छात्रों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा था। इन समस्याओं को हल करने के लिए यह सेवा शुरू की जा रही है।

महानगर का लक्ष्य एक आधुनिक, एकीकृत, सुरक्षित और विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन प्रणाली विकसित करना है और इसके लिए साझेदारों के साथ सहयोग करने की भी तैयारी जताई गई है। इस सेवा के लिए दो रूट निर्धारित किए गए हैं। पहला रूट ललितपुर के लगनखेल से शुरू होकर पाटन अस्पताल, अल्का, नोर्विक, प्रसूति गृह, ट्रॉमा सेंटर, वीर अस्पताल, कान्ति अस्पताल, टीचिंग अस्पताल और गंगालाल हृदय केंद्र होते हुए बुढानिलकंठ तक जाएगा, जिसकी एकतरफा दूरी 16 किलोमीटर है।

दूसरा रूट थानकोट से शुरू होकर सतुंगल, कलंकी, कालिमाटी, त्रिपुरेश्वर, थापाथली, माइतीघर मण्डला, बानेश्वर, मिनभवन और तीनकुने होते हुए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा तक जाएगा, जिसकी एकतरफा दूरी 20 किलोमीटर है। इन मार्गों पर कुल चार इलेक्ट्रिक बसें रात 8 बजे से 1२ बजे तक संचालित होंगी और हर 20 मिनट में निर्धारित स्टॉप पर बस उपलब्ध होगी। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और नगर प्रहरी की तैनाती भी की जाएगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement