03 अप्रैल संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने पश्चिम एशिया संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इज़राइल के लिए अब समय आ गया है कि वे उस युद्ध को रोकें जो भारी मानवीय पीड़ा और विनाशकारी आर्थिक परिणामों का कारण बन रहा है। उन्होंने ईरान से पड़ोसी देशों पर हमले बंद करने का आग्रह किया। एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि संघर्ष तब समाप्त होते हैं जब नेता विनाश के बजाय संवाद को चुनते हैं। उन्होंने कहा कि यह विकल्प अभी भी मौजूद है और इसे अब चुनना होगा।
न्यूयॉर्क में सुरक्षा परिषद के बाहर प्रेस से बात करते हुए संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा कि इस युद्ध के जारी रहने से हर दिन मानवीय पीड़ा बढ़ती जा रही है। पश्चिम एशिया में चल रहे इस संघर्ष को दूसरा महीना हो गया है, जिससे क्षेत्र और उससे बाहर आर्थिक और मानवीय कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं। गुटेरेस ने संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए संवाद और कूटनीति पर जोर दिया।
शांतिपूर्ण समाधान खोजने के लिए राजनयिक प्रयास जारी हैं, इस बात पर जोर देते हुए श्री गुटेरेस ने कहा कि विवादों का शांतिपूर्ण ढंग से निपटारा होना चाहिए और सभी सदस्य देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुनिया एक व्यापक युद्ध के कगार पर है जो पूरे पश्चिम एशिया को अपनी चपेट में ले लेगा और इसके वैश्विक स्तर पर गंभीर प्रभाव होंगे।
