नेपाल में स्पीकर के लिए आरएसपी के डीपी अर्याल ने भरा नामांकन, कांग्रेस और कम्युनिस्ट ने दिया समर्थन | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

नेपाल में स्पीकर के लिए आरएसपी के डीपी अर्याल ने भरा नामांकन, कांग्रेस और कम्युनिस्ट ने दिया समर्थन

Date : 03-Apr-2026

 काठमांडू, 03 अप्रैल । नेपाल में संघीय संसद के प्रतिनिधि सभा में स्पीकर पद के लिए सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) की तरफ से डोल प्रसाद (डीपी) अर्याल ने संसद सचिवालय में जाकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। प्रमुख विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी ने अर्याल को ही समर्थन देने का फैसला लिया है।

डीपी अर्याल के प्रस्तावक प्रतिनिधि सभा सदस्य और पार्टी अध्यक्ष रवि लामिछाने रहे, जबकि उनका समर्थन वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, कानून मंत्री सोबिता गौतम और भौतिक पूर्वाधार मंत्री सुनील लम्साल ने किया है। प्रमुख विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी ने स्पीकर पद के लिए आरएसपी के अर्याल को ही समर्थन देने का फैसला किया हैं, जबकि यूएमएल अपना भी उम्मीदवार उतारने पर विचार कर रही है।

कांग्रेस के महामंत्री प्रदीप पौडेल ने बताया कि सत्तापक्ष के पास संसद में पर्याप्त बहुमत है और स्पीकर एक साझा पद होता है, इसलिए पार्टी ने उम्मीदवार न देने का निर्णय लिया है और आरएसपी के ही उम्मीदवार के पक्ष में रहने का फैसला किया है।

इसी तरह प्रचण्ड के नेतृत्व वाली नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी ने भी स्पीकर पद पर उम्मीदवार न उतारने का निर्णय लिया है और आरएसपी के उम्मीदवार डीपी अर्याल को समर्थन देने की घोषणा की है।

नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के प्रमुख सचेतक युवराज दुलाल ने कहा कि वे स्पीकर पद के लिए उम्मीदवार नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि संसद में दो-तिहाई बहुमत वाली आरएसपी का स्पीकर पद के लिए उम्मीदवार देना स्वाभाविक है और उसे हमारा समर्थन रहेगा।

केपी ओली के नेतृत्व वाली सीपीएन यूएमएल के सांसद ऐन महर ने कहा कि यदि विपक्ष की ओर से कोई उम्मीदवार आता है, तो उनका समर्थन किया जाएगा, अन्यथा यूएमएल खुद उम्मीदवार खड़ा करेगा। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष से कोई उम्मीदवार आता है तो हम समर्थन करेंगे। यदि नहीं आता है, तो यूएमएल खुद उम्मीदवार देगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement