03 अप्रैल फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने आज होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और मध्य पूर्व में युद्ध के कारण उत्पन्न वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं को कम करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की। मैक्रॉन जापान की यात्रा के बाद कल दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर दक्षिण कोरिया पहुंचे। 2017 में पदभार संभालने के बाद से यह राष्ट्रपति मैक्रॉन की सियोल की पहली यात्रा है। सियोल में उनकी शिखर बैठक ऐसे समय हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के युद्ध का समर्थन न करने के लिए सहयोगियों की आलोचना की।
मैक्रोन ने कहा है कि सैन्य अभियान के ज़रिए होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोलना अवास्तविक है। दक्षिण कोरियाई अधिकारियों ने कहा है कि वे इस मुद्दे पर वाशिंगटन के संपर्क में हैं और सियोल जलडमरूमध्य से ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ईरान को पारगमन शुल्क देने पर विचार नहीं कर रहा है। दक्षिण कोरियाई और फ्रांसीसी अधिकारियों ने परमाणु ईंधन आपूर्ति श्रृंखलाओं पर सहयोग करने, दक्षिण कोरिया के दक्षिणी भाग में एक अपतटीय पवन ऊर्जा परियोजना में संयुक्त रूप से निवेश करने और महत्वपूर्ण खनिजों पर सहयोग करने के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
