अमेरिका के लुइसियाना में बंदूकधारी ने आठ बच्चों की हत्या की | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

अमेरिका के लुइसियाना में बंदूकधारी ने आठ बच्चों की हत्या की

Date : 20-Apr-2026

 बैटन रूज (लुइसियाना) अमेरिका, 20 अप्रैल । अमेरिका के लुइसियाना प्रांत के श्रेवेपोर्ट में एक बंदूकधारी ने रविवार तड़के तीन घरों में घुसकर आठ बच्चों को गोली मारकर हत्या कर दी। जनवरी 2024 के बाद से यह देश की सबसे घातक सामूहिक गोलीबारी की घटना है। इस घटना से श्रेवेपोर्ट के आसपास के लोग दहल गए। जो भी घटनास्थल पर पहुंचा, वह फूट-फूटकर रो पड़ा। लुइसियाना में कैडो पैरिश कोरोनर कार्यालय (मृत्यु के कारणों की जांच करने वाली स्वतंत्र एजेंसी) ने बताया है कि इस दौरान एक 13 वर्षीय लड़का घर की छत से कूदने के बाद घायल हो गया। उसकी कुछ हड्डियां टूट गई हैं।

सीएनएन चैनल और सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, श्रेवेपोर्ट पुलिस प्रवक्ता क्रिस बोर्डेलॉन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कुल 10 लोग गोलीबारी का शिकार हुए। संदिग्ध शूटर की पहचान शमार एल्किन्स के रूप में हुई है। वह पुलिस गोलीबारी में मारा गया। मारे गए बच्चों में तीन लड़के और पांच लड़कियां हैं। इनमें सात सगे भाई-बहन हैं। उन्होंने बताया कि इस गोलीबारी में जयला एल्किन्स (3), शायला एल्किन्स (5), कायला प्यू (6), लेयला प्यू (7), मार्केडॉन प्यू (10), सरियाह स्नो (11), खेडेरियन स्नो (6) और ब्रेयलॉन स्नो (5) की मौत हो गई।

श्रेवेपोर्ट पुलिस ने बयान में कहा कि गोलीबारी के दौरान दो महिलाओं का गंभीर चोट आई है। गोलीबारी में एक किशोर भी घायल हुआ है। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध ने सबसे पहले सड़क पर एक महिला को गोली मारी। इसके बाद वह पास के एक घर में घुस गया, वहां आठ लोगों को गोली मार दी। लुइसियाना की अटॉर्नी जनरल लिज मुरिल ने एक्स पोस्ट पर कहा कि कई कानून प्रवर्तन एजेंसियां इस घटना की जांच कर रही हैं। राज्य प्रतिनिधि टैमी फेल्प्स ने बताया कि गोलीबारी के दौरान कुछ बच्चों ने पीछे के दरवाजे से भागने की कोशिश भी की।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना के संदिग्ध एल्किन्स 2019 को हथियारों से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। अमेरिकी आर्मी के अनुसार, एल्किन्स ने सात साल तक लुइसियाना आर्मी नेशनल गार्ड में भी सेवा दी थी। श्रेवपोर्ट के मेयर टॉम आर्सेनो ने कहा, " इस घटना से पूरा शहर हिल गया है।" गन वायलेंस आर्काइव के अनुसार, इस साल अब तक अमेरिका में कम से कम 114 सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं।

नगर परिषद की सदस्य तबाथा एच. टेलर घटनास्थल पर मंजर देखकर फूट-फूटकर रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुखद है। यह श्रेवेपोर्ट के इतिहास की सबसे बुरी घटना है। उन्होंने कहा, ''मेरा दिल सन्न रह गया है।'' श्रेवेपोर्ट पुलिस चीफ वेन स्मिथ ने कहा, '' मैं तो यह सोच भी नहीं पा रहा कि ऐसी घटना कैसे हो सकती है। मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या कहूं। '' यूएस हाउस के स्पीकर माइक जॉनसन ने इन हत्याओं को दिल तोड़ने वाला बताया। जॉनसन कांग्रेस में श्रेवेपोर्ट इलाके का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा, '' इस बेहद मुश्किल समय में हम पीड़ितों के साथ खड़े हैं।''


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement