विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर, नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर साझा एक संदेश में मुख्यमंत्री रियो ने कहा कि नागालैंड राज्य ऐसे पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है जो न केवल स्थानीय विरासत की रक्षा करता है, बल्कि समुदायों को सशक्त बनाते हुए भविष्य की स्थिरता को भी सुनिश्चित करता है।
मुख्यमंत्री ने नागालैंड की समृद्ध संस्कृति, जीवंत त्योहारों और मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य इस वर्ष की थीम – "पर्यटन और सतत परिवर्तन" के साथ पूरी तरह से जुड़ा हुआ है और गर्व के साथ उसका प्रतिनिधित्व करता है।
श्री रियो ने सभी से अपील की कि वे पर्यावरण-संवेदनशील, संस्कृति-प्रेमी और स्थानीय समुदायों का समर्थन करने वाले पर्यटन को अपनाएं।
