रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना जंक्शन से राज्य को सात नई ट्रेनों की सौगात दी। इन ट्रेनों में तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें और चार नई पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। उद्घाटन समारोह में श्री वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
रेल मंत्रालय के अनुसार, ये तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें निम्नलिखित मार्गों पर चलेंगी:
-
मुजफ्फरपुर – चरलापल्ली
-
दरभंगा – मदार जंक्शन
-
छपरा – आनंद विहार टर्मिनल
इन ट्रेनों के शुरू होने के साथ ही अमृत भारत एक्सप्रेस की कुल सेवाएं बढ़कर 15 हो जाएंगी, जिनमें से 10 ट्रेनें बिहार से संबंधित हैं। यह ट्रेन सीरीज विशेष रूप से मध्यम वर्ग और आम जनता के बीच लोकप्रिय है, जो बेहतर सुविधाओं और तेज़ यात्रा अनुभव के लिए जानी जाती है।
साथ ही, जिन चार नई पैसेंजर ट्रेनों की शुरुआत की गई है, वे बिहार के प्रमुख शहरों जैसे नवादा, इस्लामपुर, बक्सर और झाझा को बेहतर रेल नेटवर्क से जोड़ेंगी।
रेल मंत्रालय का कहना है कि इन ट्रेनों के संचालन से राज्य की यात्रा सुविधाओं और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में महत्वपूर्ण सुधार होगा। यह पहल "विकसित बिहार के माध्यम से विकसित भारत" के विजन को मजबूत करती है और क्षेत्रीय विकास को नई गति देने की दिशा में एक अहम कदम है।
