करूर भगदड़ मामले में टीवीके का एक और कार्यकर्ता गिरफ्तार | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

करूर भगदड़ मामले में टीवीके का एक और कार्यकर्ता गिरफ्तार

Date : 30-Sep-2025

करूर, 30 सितंबर । करूर में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) की सभा के दौरान भगदड़ में 41 लोगों की मौत के सिलसिले में सोमवार को पार्टी के करूर जिला सचिव मथियाझगन को गिरफ्तार किया गया था, अब एक और कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने पार्टी के करूर नगर प्रभारी पौनराज को गिरफ्तार किया है। उसने प्रचार के लिए ध्वज-स्तंभ और तख्तियों की व्यवस्था की थी। विशेष पुलिस टीवीके महासचिव बुस्सी आनंद की भी तलाश रही है।

भगदड़ मामले में पुलिस ने पार्टी पदाधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की चार धाराएं लगाई गई हैं, जिसमें धारा 105 गैर-इरादतन हत्या, धारा 110 गैर-इरादतन हत्या का प्रयास, धारा 125 दूसरों के जीवन को खतरे में डालना और धारा 223 के तहत आदेश की अवहेलना का आरोप है। साथ ही तमिलनाडु सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम, 1992 की धारा तीन के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

उल्लेखनीय है कि टीवीके नेता विजय ने पीपुल्स मीटिंग नामक अभियान शुरू किया। 13 सितंबर को त्रिची से अपना अभियान शुरू करने वाले विजय हर शनिवार को प्रचार कर रहे थे। पिछले दो हफ़्तों में उन्होंने त्रिची, अरियालुर, नागपट्टिनम और तिरुवरुर जिलों में प्रचार किया।

इसी सिलसिले में उन्होंने 27 सितंबर को नमक्कल और करूर में प्रचार किया। नमक्कल में प्रचार समाप्त करने के बाद वे रात में करूर पहुँचे। वहाँ 30,000 से ज़्यादा लोग जमा थे। जब विजय प्रचार बस में भाषण दे रहे थे, तभी भगदड़ मच गई। जिसमें 41 लोगों की मौत हुई। मरने वालों में 18 महिलाएं, 13 पुरुष, 5 लड़के और 5 लड़कियां हैं। हादसे में 100 से ज्यादा लोग घायल हुए। इस घटना ने तमिलनाडु में खलबली मचा दी और इसकी आलोचना हुई।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement