राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 अप्रैल से 2 मई तक हिमाचल प्रदेश के छह दिवसीय दौरे पर रहेंगी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 अप्रैल से 2 मई तक हिमाचल प्रदेश के छह दिवसीय दौरे पर रहेंगी

Date : 16-Apr-2026

 शिमला, 16 अप्रैल । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 अप्रैल से 2 मई तक हिमाचल प्रदेश के छह दिन के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान उनका मुख्य प्रवास शिमला के पास स्थित राष्ट्रपति निवास मशोबरा में रहेगा।

राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा जारी प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति हिमाचल प्रवास के दौरान शिमला, अटल टनल और हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर का दौरा करने के अलावा अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगी।

राष्ट्रपति 27 अप्रैल को विशेष विमान से चंडीगढ़ पहुंचेंगी और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए मशोबरा पहुंचकर राष्ट्रपति निवास में ठहरेंगी। शिमला प्रवास के दौरान यही उनका मुख्य आवास रहेगा। मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास परंपरागत रूप से राष्ट्रपति के शिमला दौरे के दौरान आधिकारिक ठहराव का स्थान रहा है।

28 अप्रैल को राष्ट्रपति निवास, मशोबरा में उनके कुछ उद्घाटन कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इस दिन उनका अधिकांश समय यहीं निर्धारित बैठकों और विश्राम के लिए रखा गया है।

29 अप्रैल को राष्ट्रपति अटल टनल रोहतांग का दौरा करेंगी। इस दौरान वे सिस्सू पहुंचकर टनल के नॉर्थ पोर्टल का निरीक्षण करेंगी, जहां सीमा सड़क संगठन के अधिकारी उन्हें टनल से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी देंगे। इसके बाद वे साउथ पोर्टल का भी दौरा करेंगी और वहां प्रस्तुति तथा फोटो सेशन कार्यक्रम में शामिल होंगी। निरीक्षण के बाद वे उसी दिन वापस मशोबरा लौट आएंगी।

30 अप्रैल को राष्ट्रपति पालमपुर स्थित हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के 17वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी। इसी दिन वे शिमला लौटने के बाद आर्मी ट्रेनिंग कमांड शिमला का भी दौरा करेंगी और अधिकारियों के साथ निर्धारित कार्यक्रम में भाग लेंगी।

वहीं, एक मई को राष्ट्रपति निवास, मशोबरा में ‘एट होम’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े आमंत्रित अतिथियों से उनकी मुलाकात होगी। इसके अलावा इस दिन के अन्य कार्यक्रम भी आरक्षित रखे गए हैं।

2 मई को राष्ट्रपति मशोबरा से चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगी और वहां से विशेष विमान द्वारा दिल्ली लौट जाएंगी।

गौरतलब है कि वर्ष 2025 के मई महीने में भी राष्ट्रपति का शिमला दौरा प्रस्तावित था, लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के कारण उनका दौरा स्थगित कर दिया गया था। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मई 2024 और अप्रैल 2023 में भी हिमाचल प्रदेश का दौरा कर चुकी हैं।

राष्ट्रपति के इस प्रस्तावित छह दिवसीय प्रवास को लेकर शिमला सहित प्रदेश के अन्य कार्यक्रम स्थलों पर प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement