बलरामपुर, 16 अप्रैल । बलरामपुर जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर राजेंद्र कटारा और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने विकासखंड कुसमी के कई ग्रामों का सघन दौरा किया। अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण कर हितग्राहियों से सीधे संवाद करते हुए जमीनी हकीकत परखी और कार्यों में गुणवत्ता व गति लाने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान चटनियां, गौतमपुर, नवाडीहकला, चुनचुना, कुदाग, पुंदाग और पीपरढाब सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री जनमन आवास, आंगनबाड़ी केंद्र, निर्माणाधीन सड़क और बहुउद्देशीय केंद्रों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।
जनमन आवास और योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा
ग्राम चटनियां के गौतमपुर में प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने हितग्राही मिथुन हरड्डे से चर्चा की। हितग्राही ने बताया कि आवास निर्माण अंतिम चरण में है और उन्हें राशन कार्ड व आयुष्मान कार्ड का लाभ भी मिल रहा है। कलेक्टर ने सरपंच को निर्देशित किया कि सभी हितग्राहियों को समय पर राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जल जीवन मिशन, मनरेगा और सड़क निर्माण कार्यों की भी समीक्षा कर प्रगति तेज करने को कहा।
महिला समूहों से संवाद, आत्मनिर्भरता पर जोर
कलेक्टर ने ज्योति महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उन्हें आय बढ़ाने और बचत के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि समूह आधारित गतिविधियां महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम हैं।
तालाब और आंगनबाड़ी कार्यों की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश
नवाडीहकला में तालाब गहरीकरण कार्य का निरीक्षण कर सौंदर्यीकरण की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं, जरियों और कुदाग में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर सुविधाओं को सुदृढ़ करने और कार्य समयबद्ध रूप से पूरा करने पर जोर दिया गया।
बहुउद्देशीय केंद्र निर्माण में लापरवाही पर सख्ती
चुनचुना और पुंदाग में बहुउद्देशीय केंद्रों के निर्माण का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने लंबित कार्यों को तत्काल शुरू करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहाड़ी कोरवा समुदाय के लिए ये केंद्र अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सड़क निर्माण कार्यों की भी हुई समीक्षा
कलेक्टर और एसपी ने चुनचुना-पुंदाग-पीपरढाब मार्ग की 7 किलोमीटर निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। इस सड़क के पूर्ण होने से करीब 125 कोरवा परिवारों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा सबाग-अकई कोना (2.8 किमी) और सामरी-सबाग (22 किमी) मार्गों का भी जायजा लेकर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
दौरे के दौरान पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान जनपद सीईओ अभिषेक पाण्डेय, पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता जी.एस. सिदार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
