उरई, 14 मई । कड़ी मेहनत और अटूट लगन के बल पर प्रतिभा अपना रास्ता स्वयं बना लेती है। इसे चरितार्थ कर दिखाया है जालौन जिले के होनहार मेधावियों ने। सीबीएसई द्वारा घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में बृज कुँवर देवी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल की छात्रा कामना गौतम ने 98 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के साथ ही विद्यालय ने पिछले एक दशक से लगातार जिला टॉपर देने का अपना ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अक्षुण्ण रखा है।
जनपद टॉपर कामना गौतम मूल रूप से ग्राम कैथेरी की निवासी हैं। उनकी इस स्वर्णिम सफलता के पीछे एक साधारण किसान परिवार का कड़ा संघर्ष और त्याग छिपा है। कामना के पिता राजा भैया खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि माता नम्रता गौतम गृहिणी हैं। अपनी इस सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों और माता-पिता को देने वाली कामना भविष्य में आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करने का सपना संजोए हुए हैं।
विद्यालय के परीक्षा परिणाम में खास बात यह रही कि मेधावियों ने तीनों संकायों में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। मानविकी वर्ग में जहाँ कामना ने जिले में टॉप किया, वहीं गणित वर्ग में उत्सव पटेल ने 96.60 प्रतिशत और जीवविज्ञान वर्ग में कृष्णाराज ने 95.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं में सोम्या पटेल ने 95.80, कंचन सिंह और कृष्णाराज ने 95.40, बृजपाल ने 94.40, मो. शाद खान ने 94.20, उपासना द्विवेदी ने 94, अविरल दुबे ने 93.80, रिया सिंह ने 93 एवं सुवेबा अंसारी ने 92.80 प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यालय के कुल 280 परीक्षार्थियों में से 181 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक पाकर सामूहिक सफलता की नई इबारत लिखी है। विद्यालय के डायरेक्टर इं. अजय इटौरिया ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का ही यह सुखद परिणाम है।
चेयरपर्सन सुविधा इटौरिया ने सफलता का श्रेय विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयास को दिया। प्रधानाचार्या सीमा श्रीखंडे ने कहा कि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत ने विद्यालय को नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया है।
इस अवसर पर पुरुषोत्तम पुरवार, डॉ. अनुज भदौरिया, देवेश पाठक, गोविंद सिंह, सनी वर्मा, नीरज त्रिपाठी, दीक्षा दूरवार, जावेद सिद्दीकी और सुनील भारद्वाज सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
