आज जारी होगा पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक परीक्षा परिणाम, 11 बजे से ऑनलाइन देख सकेंगे छात्र | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

आज जारी होगा पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक परीक्षा परिणाम, 11 बजे से ऑनलाइन देख सकेंगे छात्र

Date : 14-May-2026

 कोलकाता, 14 मई । पश्चिम बंगाल में इस वर्ष की उच्च माध्यमिक परीक्षा का परिणाम आज, गुरुवार को घोषित किया जाएगा। परीक्षा परिणाम की घोषणा उच्च माध्यमिक शिक्षा संसद के अध्यक्ष पार्थ कर्मकार सुबह 10:30 बजे करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे से परीक्षार्थी विभिन्न वेबसाइटों के माध्यम से अपना परिणाम देख सकेंगे।

छात्र-छात्राएं रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज कर परिणाम प्राप्त कर सकेंगे। परिणाम देखने के लिए जिन वेबसाइटों का उपयोग किया जा सकेगा, उनमें result.wb.gov.in, IndiaResults, Shiksha Results और MarksBee Results शामिल हैं। मार्कशीट और प्रमाणपत्र संबंधित स्कूलों से वितरित किए जाएंगे।

उच्च माध्यमिक शिक्षा संसद की ओर से राज्यभर के 56 वितरण केंद्रों के माध्यम से स्कूलों के प्रधानाचार्यों अथवा उनके प्रतिनिधियों को परिणाम और प्रमाणपत्र सौंपे जाएंगे।

उच्च शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा बुधवार को कक्षा 12वीं का परिणाम घोषित किए जाने के बाद अब राज्य सरकार 20 मई से स्नातक प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए एकीकृत पोर्टल के माध्यम से दाखिला प्रक्रिया संचालित की जाएगी। हालांकि राज्य के शिक्षामंत्री ने अभी शपथ नहीं ली है, इसलिए पोर्टल शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मंजूरी ली जाएगी।

इस वर्ष उच्च माध्यमिक परीक्षा तीन अलग-अलग प्रारूपों में आयोजित की गई थी। नई व्यवस्था के तहत चौथे सेमेस्टर की परीक्षा के साथ तीसरे सेमेस्टर की सप्लीमेंटरी परीक्षा और पुरानी वार्षिक प्रणाली के तहत भी परीक्षा आयोजित हुई।

इस वर्ष कुल सात लाख 10 हजार 811 परीक्षार्थियों ने उच्च माध्यमिक परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। इनमें चौथे सेमेस्टर के छह लाख 35 हजार 864 विद्यार्थी शामिल थे। दूसरे सेमेस्टर की सप्लीमेंटरी परीक्षा में 59 हजार 452 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि पुरानी प्रणाली के तहत 15 हजार 495 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement