भोपाल, 27 मई । मध्य प्रदेश में नौतपा के शुरुआती दो दिन गर्मी के साथ आंधी और बारिश का असर देखने को मिला। मौसम विभाग का कहना है कि 28 मई से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार तीन दिन तक बारिश, आंधी और गरज-चमक का दौर शुरू हो सकता है। इसे प्री-मानसून गतिविधियों की शुरुआत माना जा रहा है। 10 से 16 जून के बीच मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।
आज बुधवार को निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। टीकमगढ़ में रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है। वहीं ग्वालियर और जबलपुर में तीव्र लू का असर रहेगा, जबकि भोपाल में भी हीटवेव चल सकती है।
बीते मंगलवार को प्रदेश के 16 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म रहे। खजुराहो में तापमान 46.4 डिग्री और नौगांव में 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा दतिया में 45.2 डिग्री, दमोह, सतना और टीकमगढ़ में 45 डिग्री, रीवा में 44.8 डिग्री, राजगढ़ में 44.6 डिग्री, श्योपुर में 44.4 डिग्री और गुना में 44.3 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। नरसिंहपुर में 44.2 डिग्री, जबकि सागर, मंडला, मुरैना और रायसेन में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया। प्रदेश के प्रमुख शहरों में ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44.1 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 43.2 डिग्री, जबलपुर में 43.9 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में रेड अलर्ट, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, आगर-मालवा और राजगढ़ में ऑरेंज अलर्ट और भोपाल, उज्जैन, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, शाजापुर, देवास, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, पांढुर्णा, डिंडौरी और अनूपपुर में येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा इंदौर, धार, बड़वानी, झाबुआ, अलीराजपुर, हरदा, नर्मदापुरम और बैतूल में भी तेज गर्मी रहेगी। मौसम विभाग का कहना है कि 28 मई तक प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर बनी रहेगी। इसके बाद 29 मई से मौसम बदलने लगेगा और कई जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
