बहराइच, 27 मई । उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के एक लेखपाल को एंटी करप्शन की टीम ने मंगलवार की देर शाम उन्हें रिश्वत के दस हजार लेते रंगे हाथों दबोच लिया। उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के महसी तहसील क्षेत्र अंतर्गत सराय मेहराबाद का है। यहां तैनात लेखपाल उमेश पाठक एक काम के बदले 10 हजार की घूस मांग रहे थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से कर दी। इसके बाद
टीम ने प्रभारी निरीक्षक राम सहाय यादव के नेतृत्व में ट्रैप जाल बुना और जैसे ही मंगलवार की शाम लेखपाल उमेश पाठक ने रिश्वत के 10 हजार रुपये हाथ में लिए, टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
घूसखोर लेखपाल को पकड़ने के बाद एंटी करप्शन की टीम उन्हें सीधे कोतवाली देहात लेकर पहुंची। वहां भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, रिश्वतखोर लेखपाल को जेल भेज दिया गया है।
