पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने ओडिशा से तृणमूल विधायक दिलीप मंडल को गिरफ्तार किया | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने ओडिशा से तृणमूल विधायक दिलीप मंडल को गिरफ्तार किया

Date : 27-May-2026

 कोलकाता, 27 मई । पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और डायमंड हार्बर पुलिस की संयुक्त टीम ने दक्षिण 24 परगना के विष्णुपुर से तृणमूल विधायक दिलीप मंडल को ओडिशा के पुरी स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें कोलकाता लाया जाएगा।मंडल का हाल में एक वीडियो वायरल हुआ था। आरोप है वीडियो में उन्होंने विपक्षी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को धमकी दी थी। हालांकि, वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

इसी मामले को लेकर उनके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और 14 मई को पैलान स्थित उनके घर पर छापा मारा। वह घर पर नहीं मिले। बताया गया है कि दो दिन पहले एसटीएफ को सूचना मिली कि दिलीप मंडल पुरी के ‘ब्लू लिली’ होटल में ठहरे हैं। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ और डायमंड हार्बर पुलिस ने होटल में छापा मारा। रजिस्टर की जांच के बाद पुलिस ने उनके कमरे में पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में पुलिस पहले ही विधायक के बेटे अर्घ्य मंडल को गिरफ्तार कर चुकी है। उन पर इलाके में अशांति फैलाने का आरोप है। गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से आग्नेयास्त्र बरामद होने का भी दावा किया गया था। इसी मामले में चार अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। शिकायत दर्ज होने के बाद दिलीप मंडल ने कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया । उन्होंने गिरफ्तारी से सुरक्षा और अपने खिलाफ दर्ज कई एफआईआर रद करने की मांग की थी। यह याचिका अदालत में लंबित है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement