मप्रः विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा की अलख जगाने वाले 31 शिक्षकों का हुआ सम्मान | The Voice TV

Quote :

"सफलता अंतिम नहीं है; असफलता घातक नहीं है: आगे बढ़ने का साहस ही मायने रखता है।" — विंस्टन चर्चिल

National

मप्रः विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा की अलख जगाने वाले 31 शिक्षकों का हुआ सम्मान

Date : 01-Jun-2026

 इंदौर, 31 मई । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार की रात इंदौर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उज्जैन संभाग के समर्पित 31 शिक्षकों का सम्मान किया। यह सम्मान समारोह मध्य प्रदेश कुश्ती संघ द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें उन शिक्षकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने उन शिक्षकों की सराहना की जो दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में पदस्थ रहते हुए नदी-नाले पार कर, लंबी दूरी पैदल तय कर तथा विभिन्न चुनौतियों का सामना करते हुए बच्चों तक शिक्षा पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षक न केवल विद्यार्थियों का भविष्य संवार रहे हैं, बल्कि समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम में उन शिक्षकों के समर्पण, सेवा भावना और कर्तव्यनिष्ठा को रेखांकित किया गया, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा की लौ को निरंतर प्रज्ज्वलित रखा। उपस्थित जनों ने ऐसे शिक्षकों के कार्यों को प्रेरणादायी बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।

सम्मान समारोह में मध्य प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष उमेश ठाकुर, सचिव सुरेंद्र यादव, संजय सिंह ठाकुर, नारायण यादव, स्वामीनारायण आश्रम से स्वामी आनंद जीवन दास एवं स्वामी हरिनंद स्वामी, प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, जय सिंह दरबार, शिवाप्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सम्मान प्राप्त शिक्षकों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement