खड़गपुर, 01 जून। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर कथित हमले के विरोध में रविवार देर शाम पश्चिम मेदिनीपुर के खड़गपुर शहर के तालबागिचा इलाके में तृणमूल कांग्रेस की ओर से एक विरोध मार्च निकाला गया।
इस विरोध मार्च का नेतृत्व खड़गपुर शहर के वरिष्ठ तृणमूल नेता जहर पाल ने किया। मार्च में पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी संख्या में भागीदारी देखी गई।
प्रदर्शनकारियों ने अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक राजनीति में हिंसा का कोई स्थान नहीं है और ऐसे घटनाक्रम लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं।
मार्च में शामिल कार्यकर्ताओं ने अभिषेक बनर्जी के प्रति एकजुटता और समर्थन भी व्यक्त किया। तृणमूल नेताओं ने कहा कि पार्टी इस तरह की घटनाओं का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।
