विदिशाः जनपरामर्श बैठक में आज यूसीसी पर विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि करेंगे मंथन | The Voice TV

Quote :

"सफलता अंतिम नहीं है; असफलता घातक नहीं है: आगे बढ़ने का साहस ही मायने रखता है।"— विंस्टन चर्चिल

National

विदिशाः जनपरामर्श बैठक में आज यूसीसी पर विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि करेंगे मंथन

Date : 08-Jun-2026

 भोपाल, 08 जून । मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में अध्ययन एवं परीक्षण के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति द्वारा जनपरामर्श प्रक्रिया के अंतर्गत आज सोमवार को विदिशा में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि यूसीसी पर मंथन करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी बीडी अहिरवाल ने बताया कि बैठक कलेक्ट्रेट में अपराह्न 3:30 बजे आयोजित की गई है, जिसकी अध्यक्षता समिति के सदस्य एवं शिक्षाविद प्रो. गोपाल शर्मा करेंगे। बैठक का उद्देश्य समान नागरिक संहिता के संबंध में समाज के विभिन्न वर्गों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों के सुझाव एवं विचार प्राप्त करना है, ताकि राज्य सरकार को व्यापक जनमत के आधार पर अनुशंसाएं प्रस्तुत की जा सकें।

प्रशासन द्वारा बैठक में सांसद, विधायक, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, बार काउंसिल से जुड़े सदस्य, महिला एवं बाल अधिकार संरक्षण क्षेत्र के विशेषज्ञ, शांति समिति के सदस्य, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि तथा अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

पारदर्शिता एवं अभिलेखीकरण के उद्देश्य से संपूर्ण बैठक की वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा सभी उपस्थित प्रतिभागियों की उपस्थिति दर्ज करने की विशेष व्यवस्था रहेगी। यह जनपरामर्श बैठक समान नागरिक संहिता जैसे महत्वपूर्ण विषय पर समाज के विभिन्न वर्गों की राय जानने और लोकतांत्रिक संवाद को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इससे प्राप्त सुझाव राज्य स्तर पर नीति निर्माण की प्रक्रिया में सहायक सिद्ध होंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement