नाइजीरिया के अदामावा राज्य के योला क्षेत्र में अचानक आई भीषण बाढ़ से अब तक कम से कम 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लोग लापता बताए जा रहे हैं। यह बाढ़ रविवार से शुरू हुई और पांच समुदायों को गंभीर रूप से प्रभावित किया है।
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (OCHA) के अनुसार, इस आपदा के चलते करीब 5,560 लोग अपने घर छोड़ने पर मजबूर हुए हैं और दर्जनों लोग घायल हुए हैं। बाढ़ के कारण योला की कई बस्तियां पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि मई से अब तक पूरे देश में बाढ़ के चलते 200 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें से अधिकतर मौतें नाइजर राज्य में हुई हैं। हर साल जून से नवंबर के बीच भारी बारिश नाइजीरिया की जर्जर जल निकासी प्रणाली को बुरी तरह प्रभावित करती है, जिससे इस तरह की त्रासदियाँ बार-बार सामने आती हैं।
