नेपाल : भूस्खलन के कारण काठमांडू को जोड़ने वाली सभी सड़कें अवरुद्ध, लम्बा ट्रैफिक जाम | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

International

नेपाल : भूस्खलन के कारण काठमांडू को जोड़ने वाली सभी सड़कें अवरुद्ध, लम्बा ट्रैफिक जाम

Date : 08-Aug-2023

काठमांडू, 08 अगस्त । यहां बीती रात से लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह पर भूस्खलन हुआ है। देश के बाकी हिस्सों से काठमांडू को जोड़ने वाले सभी सड़क मार्ग भूस्खलन की चपेट में हैं, जिसके कारण यातायात अवरुद्ध हो गया है।

देश के तराई मधेश के इलाके से काठमांडू को जोड़ने वाले चार अलग अलग राजमार्ग बीती देर रात ही अवरुद्ध होने की जानकारी ट्रैफिक पुलिस विभाग द्वारा दी गई।

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक हेटौडा की तरफ से काठमांडू को आने वाले कान्ति लोकमार्ग, भीमफेदी कुलेखानी की तरफ से काठमांडू को जोड़ने वाली सड़क और मुग्लिंग- नारायणघाट की तरफ से काठमांडू को जोड़ने वाला पृथ्वी राजमार्ग भूस्खलन के कारण बन्द हो गया है।

जगह जगह पर पहाड़ों से बड़े बड़े पत्थर और मलबा गिरने से सड़क अवरुद्ध होने की जानकारी दी गई है। इस कारण काठमांडू आने वाले यात्री वाहन और निजी वाहनों के अलावा मालवाहक वाहन भी फंसे हुए हैं। सड़कों पर कई किलोमीटर तक ट्रैफिक जाम होने की जानकारी दी गई है।

इसी तरह बुटवल-पाल्पा सड़क मार्ग भी भूस्खलन के कारण बन्द हो गया है। भूस्खलन के कारण बुटवल पाल्पा सड़क खण्ड में बन रहे सुरंग मार्ग का निर्माण कार्य भी बाधित होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

सुदूर पश्चिम क्षेत्र से काठमांडू को जोड़ने वाला भीमदत्त राजमार्ग भी आज सुबह से अवरुद्ध है। स्थानीय मीडिया के हवाले से बताया गया है कि भीमदत्त राजमार्ग पर करीब आधा दर्जन स्थानों पर व्यापक भूस्खलन हुआ है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement