न गरीबों का पैसा लूटने दूंगा और न ही कांग्रेस के नेताओं की तिजोरी भरने दूंगा : नरेन्द्र मोदी | The Voice TV

Quote :

" जो स्वयं पर विजय पा लेता है, उसे संसार पराजित नहीं कर सकता।"

National

न गरीबों का पैसा लूटने दूंगा और न ही कांग्रेस के नेताओं की तिजोरी भरने दूंगा : नरेन्द्र मोदी

Date : 05-Oct-2023

 जबलपुर, 5 अक्टूबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि न गरीबों का पैसा लूटने दूंगा और न ही कांग्रेस के नेताओं की तिजोरी भरने दूंगा। हमने जनधन, आधार और मोबाइल की ऐसी त्रिशक्ति बनाई, जिससे कांग्रेस का भ्रष्ट तंत्र तहस नहस हो गया। आज गरीबों का पैसा गरीबों के हित में लग रहा। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले हजारों करोड़ के घोटाले हेडलाइन बना करते थे। गरीबों पर खर्च होने वाला पैसा कांग्रेस नेताओं की तिजोरियों में जा रहा था। हमने कांग्रेस सरकार की बनाई भ्रष्ट व्यवस्थाओं को बदलने का अभियान चलाया। आज जिन परियोजना का शुभारंभ हुआ है, वह देश की दशा और दिशा बदलेंगे।


प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को वीरांगना रानी दुर्गावती के जयंती के अवसर पर जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में आयोजित विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहां 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने बाले वीरांगना रानी दुर्गावती स्मारक एवं उद्यान का शिलान्यास किया। साथ ही मंच से ही देश के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े 12 हजार 600 करोड़ की विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया

प्रधानमंत्री ने कहा, मैं आज जबलपुर का एक नया ही रूप देख रहा हूं। मैं देख रहा हूं, जबलपुर में जोश है। महाकौशल में मंगल है, उमंग है, उत्साह है। ये जोश और ये उत्साह दिखाता है कि महाकौशल के मन में क्या है? आज पूरा देश वीरांगना रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती मना रहा है। दुनिया के किसी देश में रानी दुर्गावती होती तो वो देश दुनिया में उछल कूद करता, लेकिन हमारे देश में ऐसे महापुरुषों को भुला दिया गया। उनका स्मारक बनने के बाद हिंदुस्तान की हर माता, हर जन का यहां आने का मन करेगा। मैं पूरे आदिवासी समाज को, मध्य प्रदेश को और 140 करोड़ देशवासियों को बधाई देता हूं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में से एक है, हमारी बहनों को धुएं से मुक्ति देना। क्या ये काम कांग्रेस नहीं कर सकती थी। कांग्रेस को माता-बहनों के स्वास्थ्य की परवाह नहीं थी। हमने इसलिए बड़ा अभियान चलाकर उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिया।

मोदी ने कहा कि देश को पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति देने का सौभाग्य भी भाजपा को मिला। आजादी के बाद दशकों तक जो दल सरकार में बैठा रहा, उसने एक ही काम किया, एक ही परिवार की चरण वंदना की। देश की परवाह नहीं की। देश को आजादी सिर्फ एक परिवार ने नहीं दिलाई थी, देश का विकास सिर्फ एक ही परिवार ने नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों की सरकार है। अपने परिवार को आगे बढ़ाने के लिए कुछ लोग प्रपंच कर रहे हैं, लेकिन मोदी की गारंटी है एमपी विकास में टॉप पर आएगा। भाजपा की डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता वंचितों को वरीयता है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को उनका हक देने का काम भी भाजपा ने किया है। पूरी दुनिया भारत का गुणगान कर रही है, वहीं वो राजनीतिक दल जिनका सब लुट गया है, उन्हें सिवाय कुर्सी के कुछ दिखता नहीं है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्वच्छता के मामले में मध्य प्रदेश को अव्वल मुकाम मिला है। इसी जज्बे को हमें आगे ले जाना है। हमें हर मामले में प्रदेश को नंबर एक पर रखना है। आज भारत का आत्मविश्वास नई बुलंदी पर है। आज भारत के हर युवा को लगता है कि ये समय भारत के युवा का समय है। भारत के युवा स्टार्टअप में कमाल कर रहे हैं। मध्य प्रदेश के लिए ये महत्वपूर्ण समय है।

 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement