मथुरा, 08 अक्टूबर । देश के प्रसिद्ध चित्रकार पद्मश्री कृष्ण कन्हाई को अटल बिहारी वाजपेयी नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया गया। कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए एशियन अकादमी ऑफ आर्ट एण्ड कल्चर पिछले नौ सालों से यह सम्मान दे रही है। भारत में रिपब्लिक ऑफ सर्बिया के राजदूत शिनीशा पाविक द्वारा यह सम्मान दिया गया है। रविवार को कृष्ण कन्हाई ने बताया कि अटलजी से उनकी कई बार भेंट हुई और आज उनके नाम का सम्मान पाना बहुत ही गौरव की बात है।
गीतकार समीर पांडे, रामदयाल शर्मा, उस्ताद अकरम खान, लेखक सीतेश आलोक, भरतनाटयम नित्यगाना सोमासेखरी तथा कवि और लेखक डोली डबराल आदि कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम नोएडा के मारवाह स्टूडियों में संस्थापक एवं अध्यक्ष संदीप मारवाह, सैकड़ों लोगों पत्रकारों एवं बुद्धिजीवियों की उपस्थिति में हुआ।
ज्ञात हो पिछले दिनों कृष्ण कन्हाई को राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम सम्मान से भी नवाजा गया था। 2004 में तत्कालीन राष्ट्रपति कलाम साहब ने ही कृष्ण कन्हाई को पद्मश्री से सम्मानित किया था। उनके द्वारा बनाया हुआ भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी का एक आदमकद चित्र संसद भवन के केन्द्रिय कक्ष की शोभा बढ़ा रहा है। यह चित्र फरवरी 2019 में स्थापित किया गया था।
