सरकार बनने पर कांग्रेस कराएगी जातीय जनगणना : खड़गे | The Voice TV

Quote :

" जो स्वयं पर विजय पा लेता है, उसे संसार पराजित नहीं कर सकता।"

National

सरकार बनने पर कांग्रेस कराएगी जातीय जनगणना : खड़गे

Date : 09-Oct-2023

 नई दिल्ली, 09 अक्टूबर । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर जातीय जनगणना कराई जाएगी और महिला आरक्षण को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा।



खड़गे ने सोमवार को कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के दौरान कहा कि सत्ता पक्ष महिलाओं को उनका अधिकार नहीं देना चाहता है। महिला आरक्षण सरकार सिर्फ राजनैतिक लाभ के लिए लेकर आई है। महिलाओं को मोदी सरकार आरक्षण देना चाहती तो इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर सकती थी।

खड़गे ने कहा कि अब हमें राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनावों के लिए प्रभावी रणनीति बनानी है। इन राज्यों में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री कई महीनों से दौरा कर रहे हैं। झूठ दर झूठ फैला रहे हैं। उनके पास केवल मणिपुर जाने का समय नहीं है।

खड़गे ने कांग्रेस नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव भी सामने हैं। इस बीच जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनावों का ऐलान हो सकता है। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में निर्णायक जीत के बाद देश भर में हमारे साथियों में एक नया उत्साह है। हमें अपनी पूरी ताकत लगा कर सभी 5 राज्यों को जीतना है। हमें प्रत्येक वोटर तक जाना है, प्रचार करना है और माहौल बनाना है। इन चुनावों में राजनीतिक दलों के नेता ही नहीं, संवैधानिक पदों पर बैठे लोग भी सक्रिय हैं। वे हम लोगों पर सीधे हमले कर रहे हैं। मर्यादाएं टूट रही हैं। ऐसी स्थिति में हम मौन नहीं रह सकते। जैसे-जैसे हम आम चुनाव के करीब आएंगे, ऐसे हमले और झूठ और तेज हो जाएंगे। ऐसे हमलों और दुष्प्रचार का मुकाबला करना और झूठ को तुरंत खारिज करना जरूरी है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement