देश-दुनिया के इतिहास में 16 अक्टूबर की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। द वॉल्ट डिज्नी कंपनी के लिए यह कभी न भूलने वाली तारीख है।आज यह कंपनी अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन उद्योग की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है। डिज्नी ब्रदर्स वॉल्ट और रॉय ने डिज्नी ब्रदर्स कार्टून स्टूडियो नाम से 16 अक्टूबर, 1923 को यह कंपनी बनाई थी। शुरू में डिज्नी ब्रदर्स को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा। मगर पांच साल बाद मई 1928 में मिकी हाउस ने न केवल वॉल्ट डिज्नी को पहचान दिलाई, बल्कि ऐसी सफल कहानी लिखी कि पूरी दुनिया आज भी देख रही है।
वॉल्ट को मिकी का आइडिया भी अजीब तरह से आया था। वे कैंसास स्टूडियो में बैठे थे तभी उनके टेबल पर एक चूहा चढ़ गया था। उसकी हरकतें देखकर ही मिकी बनाया और उसी मिकी ने डिज्नी को अपना सुनहरा दौर दिखाया। चार साल पहले वॉल्ट डिज्नी कंपनी ने 71 अरब डॉलर की डील कर 21 सेंचुरी फॉक्स को खरीदा। इसके बाद स्टार इंडिया भी वॉल्ट डिज्नी का हिस्सा हो गया। इस डील ने मीडिया ऐंड एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में बहुत बड़ा बदलाव ला दिया है। इससे डिज्नी को टाटा स्काई और एंडेमोल शाइन ग्रुप का मालिकाना हक मिला। भारत में हॉट स्टार का नाम बदलकर डिज्नी हॉट स्टार किया गया। द वॉल्ट डिज्नी कंपनी का मुख्यालय संयुक्त राज्य अमेरिका के बरबैंक में हैं।
