नई दिल्ली (वीएनएस )। केंद्रीय शिक्षा और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नई दिल्ली में वेब पोर्टल 'अपना चंद्रयान' लॉन्च किया जिसमें मिशन चंद्रयान-3 पर स्कूली छात्रों के लिए गतिविधि-आधारित सहायता सामग्री जैसे कि क्विज़, पहेलियां आदि उपलब्ध हैं। इसे शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (डीओएसईएल) के तत्वावधान में एनसीईआरटी द्वारा विकसित किया गया है।
उन्होंने चंद्रयान-3 पर 10 विशेष मॉड्यूल भी जारी किए, जो इसके विभिन्न पहलुओं के बारे में व्यापक रूप से बताते हैं - जिसमें वैज्ञानिक, तकनीकी और सामाजिक पहलुओं के साथ-साथ इस मिशन में शामिल वैज्ञानिकों की भावनात्मक यात्रा और टीम भावना के बारे में भी बताया गया है।इसरो के अध्यक्ष और अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. श्रीधर पणिक्कर सोमनाथ ने सम्मानित अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस कार्यक्रम में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव श्री संजय कुमार, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव के. संजय मूर्ति, कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के अतुल कुमार तिवारी, एआईसीटीई के अध्यक्ष प्रोफेसर टी. जी. सीताराम, यूजीसी के अध्यक्ष प्रो. एम. जगदीश कुमार, एनसीईआरटी के निदेशक, डॉ. दिनेश प्रसाद सकलानी, शिक्षा मंत्रालय के अधिकारी, गणमान्य लोग और छात्र भी उपस्थित थे।
