प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट किए गए स्मृति चिह्नों और उपहारों की ई-नीलामी का पांचवां दौर इस महीने की 31 तारीख को समाप्त होगा। नीलामी का यह कार्यक्रम 2 अक्टूबर से शुरू हुआ है। इसका आयोजन संस्कृति मंत्रालय ने किया है। ई-नीलामी में देश की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करने वाली कलाकृतियों का एक असाधारण संग्रह पेश किया गया है।
नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि अब आम बोली के स्थान पर ई-नीलामी को गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि पहला ई-नीलामी 2019 में हुई थी। उन्होंने कहा कि इस नीलामी से प्राप्त धनराशि को गंगा नदी के संरक्षण और पुनर्स्थापन पर खर्च किया जाएगा।
