भाजपा अध्यक्ष नड्डा शनिवार को रांची में संकल्प यात्रा समापन कार्यक्रम में होंगे शामिल | The Voice TV

Quote :

" जो स्वयं पर विजय पा लेता है, उसे संसार पराजित नहीं कर सकता।"

National

भाजपा अध्यक्ष नड्डा शनिवार को रांची में संकल्प यात्रा समापन कार्यक्रम में होंगे शामिल

Date : 25-Oct-2023

 रांची, 25 अक्टूबर। झारखंड भाजपा की संकल्प यात्रा के समापन कार्यक्रम में 28 अक्टूबर (शनिवार) को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे। कार्यक्रम यहां के हरमू मैदान में होना है। माना जा रहा है कि इसके साथ ही मिशन 2024 के लिए नड्डा पार्टी को झारखंड में कमर कस कर तैयार होने का संदेश देंगे।

प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की राज्यव्यापी संकल्प यात्रा का समापन कार्यक्रम 28 अक्टूबर को रांची के हरमू मैदान में पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित होगा। यात्रा के संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री सह मुख्यालय प्रभारी डॉ प्रदीप वर्मा ने बताया कि समापन कार्यक्रम की तैयारी जोरशोर से चल रही है। राज्य सरकार की नाकामियों, विफलताओं, राज्य में व्याप्त सत्ता संपोषित भ्रष्टाचार, ध्वस्त विधि व्यवस्था, बेरोजगारी, खनिजों की लूट, तुष्टीकरण के खिलाफ 17 अगस्त से प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में संकल्प यात्रा प्रारंभ हुई।

प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करते हुए राज्य की स्थिति को बताने का संकल्प लिया था, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष की यह संकल्प यात्रा जनता के अपार समर्थन से जन संकल्प यात्रा में बदल गई। अब तक 71 विधानसभा क्षेत्र में यह यात्रा आठ चरणों में संपन्न हो चुकी है। अब 28 अक्टूबर को हरमू मैदान में यात्रा का समापन होगा।

समापन कार्यक्रम में छह विधानसभा क्षेत्रों- रांची, हटिया, कांके, मांडर, खिजरी और तमाड़ क्षेत्र की संयुक्त सभा होगी। इसमें हजारों कार्यकर्ता एवं जनता जुटेगी। संकल्प यात्रा के साथ ही पूरे प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं के द्वारा मेरी माटी, मेरा देश कार्यक्रम भी चलाया जा रहा था, जिसमें अमृत वाटिका के निर्माण के लिए गांव-गांव से, शहीद स्थल, शहीदों के गांव, ऐतिहासिक स्थलों से कलश में भरकर मिट्टी संग्रह किया गया है। ऐसे सभी 263 प्रखंड एवं 49 नगर निकाय क्षेत्र को मिलाकर 312 कलश 28 अक्टूबर को सम्मानपूर्वक हरमू मैदान लाया जाएगा जिन्हें नई दिल्ली के लिए रवाना किया जाना है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement