वेनेजुएला के और भी नेता हैं अमेरिका के रडार पर, सभी मादुरो के करीबी | The Voice TV

Quote :

सफलता के लिए आत्म-विश्वास बहुत जरूरी है

International

वेनेजुएला के और भी नेता हैं अमेरिका के रडार पर, सभी मादुरो के करीबी

Date : 06-Jan-2026

 वाशिंगटन, 06 जनवरी। वेनेजुएला से गिरफ्तार कर लाए गए वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के बाद अब अमेरिका की नजर अन्य कई नेताओं पर है। मादुरो और फ्लोरेस पर नार्को-टेररिज्म का आरोप है। ऐसे ही आरोप मादुरो के कई सहयोगियों पर है। मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत में पेश किया जा चुका है। मादुरो को ब्रुकलिन में मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।

सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के लगभग सभी सहयोगी आरोपी हैं। इन पर मादुरो के साथ मिलकर कार्टेल चलाने का आरोप है। आरोप है कि इस कार्टेल ने कथित तौर पर अमेरिका में कई टन कोकीन की तस्करी की है। यह हैं- कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज, डियॉस्डाडो कैबेलो, व्लादिमीर पैड्रिनो लोपेज, जॉर्ज रोड्रिग्ज और निकोलस "निकोलसिटो" अर्नेस्टो मादुरो गुएरा। गुएरा मादुरो के पुत्र हैं। उन पर 2020 में कार्टेल डे लॉस सोल्स से संबंधित ड्रग अपराधों का आरोप लगाया गया था। 35 वर्षीय निकोलस अर्नेस्टो मादुरो गुएरा को देश में निकोलसिटो या लिटिल निकोलस के नाम से जाना जाता है।

लिटिस निकोलस इस समय विधायिका में महत्वपूर्ण पद पर हैं। अमेरिकी आरोप पत्र के अनुसार, छोटे मादुरो ने अपने पिता, दूसरे अधिकारियों और नशीले पदार्थों के तस्करों और नार्को-टेररिस्ट ग्रुप्स के साथ मिलकर काम किया। इन सबने कैरिबियन और सेंट्रल अमेरिका में ट्रांसशिपमेंट पॉइंट्स के जरिए वेनेजुएला से कोकीन अमेरिका भेजी। दूसरी आरोपित डेल्सी रोड्रिग्ज है। 56 वर्षीय डेल्सी अपदस्थ राष्ट्रपति मादुरो की सबसे ज्यादा करीबी हैं। उन्होंने सोमवार को कार्यवाहक राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली।वह उस ग्रुप की सदस्य हैं जिस पर वॉशिंगटन कई सालों से मादुरो को सत्ता पर अपनी तानाशाही पकड़ बनाए रखने में मदद करने का आरोप लगाता रहा है।

डियॉस्डाडो कैबेलो के पास इस समय गृह और न्याय मंत्रालय हैं। उन्हें देश की पुलिस और जेलों की देखरेख का अधिकार मिला हुआ है। कैबेलो उपराष्ट्रपति रह चुके हैं और कई सालों तक देश की संसद के अध्यक्ष भी रहे हैं। उन्होंने कई साल वेनेजुएला की इंटेलिजेंस सर्विस की कमान भी संभाली है। मादुरो की तरह उन पर भी अमेरिका में आपराधिक आरोप लगाए गए थे। उन पर पांच टन से अधिक कोकीन अमेरिका में तस्करी करने में मदद करने का आरोप था। 2020 में उन पर न्यूयॉर्क के उसी दक्षिणी जिले में दायर एक आरोप पत्र में अलग-अलग संघीय ड्रग्स और हथियारों से जुड़े अपराधों का आरोप लगाया गया था।

व्लादिमीर पैड्रिनो लोपेज इस समय वेनेजुएला के रक्षा मंत्री हैं। उन पर भी अमेरिका में ड्रग्स की तस्करी में सीधे तौर पर शामिल होने का भी आरोप है। अमेरिका उन पर अवैध ड्रग्स ले जाने वाली कमर्शियल फ्लाइट्स को सुरक्षित रास्ता देने और ऐसा करने के लिए प्रोटेक्शन फीस लेने का आरोप लगाता रहा है। 2020 में वाशिंगटन डीसी की एक फेडरल कोर्ट में उन पर आरोप तय किए गए थे। जॉर्ज रोड्रिग्ज कार्यवाहक राष्ट्रपति के भाई हैं। जॉर्ज 2021 से वेनेजुएला की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement