गर्मियों में AC का इस्तेमाल राहत देता है, लेकिन अगर सावधानी न बरती जाए तो यह आपकी आंखों के लिए समस्या भी बन सकता है। नेत्र विशेषज्ञ डॉ. राजत कपूर के अनुसार, लंबे समय तक AC में रहने और स्क्रीन देखने की आदत आंखों में सूखापन (dryness) और जलन का बड़ा कारण बन रही है।
हमारी आँखों की सतह पर एक बेहद पतली परत होती है जिसे tear film कहते हैं। यह परत आँखों को नम और सुरक्षित रखती है। जैसे ही AC कमरे की नमी खींचना शुरू करता है, यह परत जल्दी सूखने लगती है। नतीजा जलन, चुभन, सूखापन और कभी कभी धुँधला दिखना भी हो सकता है।
किन आदतों से बढ़ती है समस्या
सबसे पहली और सबसे आम गलती है AC में बैठकर लगातार स्क्रीन देखना। जब हम स्क्रीन पर ध्यान लगाते हैं तो पलक झपकाना लगभग भूल जाते हैं। blink rate 40 से 50 प्रतिशत तक गिर जाता है और tear film टूटने लगती है। ऊपर से अगर AC की ठंडी हवा सीधे चेहरे पर आ रही है तो आँखों की नमी और भी तेज़ी से उड़ती है। और जो मरीज़ पानी कम पीते हैं, उनकी आँखें तो और भी जल्दी शिकायत करने लगती हैं क्योंकि शरीर पर्याप्त नमी बना ही नहीं पाता।
मरीज़ों को डॉ. की सलाह
AC का तापमान बहुत कम न रखें और ध्यान रखें कि हवा सीधे आँखों पर न पड़े। हर 20 मिनट में एक बार 20 सेकंड के लिए 20 मीटर दूर की किसी चीज़ को देखें। इसे 20-20-20 नियम कहते हैं और यह सच में बहुत कारगर है। जानबूझकर पलकें झपकाते रहें, भरपूर पानी पिएँ और अगर तकलीफ ज़्यादा हो तो बिना देर किए किसी नेत्र विशेषज्ञ से मिलें। कभी कभी lubricating eye drops की ज़रूरत पड़ती है लेकिन वो हमेशा doctor की सलाह से ही लें।
डॉ. के अनुसार, अगर जलन या लालिमा कई दिनों से बनी हुई है तो इसे सामान्य मत समझिए। यह dry eye syndrome हो सकता है और समय पर इलाज न हो तो तकलीफ बढ़ सकती है। AC हमें आराम ज़रूर देता है लेकिन आँखों की सेहत के साथ समझौता नहीं होना चाहिए। थोड़ी सी सावधानी और सही आदतें आपकी आँखों को लंबे समय तक स्वस्थ रख सकती हैं।
