दांतन में भाजपा की रैली पर हमला, 54 घायल | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

दांतन में भाजपा की रैली पर हमला, 54 घायल

Date : 22-Apr-2026

 खड़गपुर, 22 अप्रैल । पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान मंगलवार को हिंसक झड़प की घटना हुई। मोहनपुर थाना क्षेत्र के आंतला गांव में भाजपा की रैली पर कथित हमले के बाद दोनों पक्षों के कुल 54 लोग घायल हो गए। घायलों में भाजपा प्रत्याशी अजीत कुमार जाना भी शामिल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा की ओर से दांतन इलाके में रोड शो निकाला जा रहा था। इसी दौरान आंतला गांव के पास अचानक दो पक्षों के बीच टकराव हो गया। घटना के दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई और कुछ मोटरसाइकिलों में आग भी लगा दी गई। घटना की सूचना पाकर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है। घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोहनपुर थाने का घेराव कर प्रदर्शन भी किया।

भाजपा का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने चुनाव में हार की आशंका से सुनियोजित हमला किया। भाजपा प्रत्याशी अजीत कुमार जाना ने आरोप लगाया कि रैली के दौरान 50–60 लोगों ने रॉड, बांस और लाठियों से हमला किया। उनका दावा है कि कुछ हमलावरों के पास आग्नेयास्त्र भी थे। उन्होंने कहा कि जब वह अपने कार्यकर्ताओं को बचाने के लिए वाहन से उतरे, तब उन पर भी हमला किया गया।

मंगलवार देर रात तृणमूल कांग्रेस के दांतन से उम्मीदवार मानिक माइती ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा समर्थक इलाके में दुकानों में तोड़फोड़ और मारपीट कर रहे थे, जिसके विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी पर घायल होने का नाटक करने का आरोप भी लगाया।

मंगलवार रात जिले की पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना प्रेस वार्ता कर बताया कि दोपहर में एक राजनीतिक कार्यक्रम के लिए केवल दो वाहनों की अनुमति दी गई थी, लेकिन रैली में छह वाहन और लगभग 80–85 मोटरसाइकिल शामिल थे। जब यह रैली बेलदा से मोहनपुर थाना क्षेत्र में पहुंची, तब आंतला गांव में दो समूहों के बीच झड़प हो गई। इस घटना में करीब 25–30 वाहनों में तोड़फोड़ हुई और दो मोटरसाइकिलों में आग लगा दी गई।

उन्होंने बताया कि कुल 54 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अब तक 16 लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है।

बुधवार सुबह इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है। नाका चेकिंग और अतिरिक्त सीसीटीवी की भी व्यवस्था की जा रही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement