नेपालः सुशीला कार्की हिमालयी जिलों के दौरे पर | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

नेपालः सुशीला कार्की हिमालयी जिलों के दौरे पर

Date : 12-Feb-2026

 काठमांडू, 12 फरवरी। प्रधानमंत्री सुशीला कार्की आज से हिमालयी (हिमाली) जिलों के दो दिवसीय दौरे पर हैं। वो इन जिलों में पांच मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा के चुनाव की तैयारियां और वस्तुस्थिति का जायजा लेंगी। यह जिले मुख्य रूप से हिमालय पर्वत शृंखलाओं (महालांगुर, गणेश, आदि) के पास स्थित हैं। इनमें मुस्तांग, मनांग, बाजुरा और सोलुखुम्बु जैसे जिले शामिल हैं। यह जिले अपनी ऊंची चोटियों के लिए जाने जाते हैं।

प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने दौरे की शुरुआत सुबह सोलुखुम्बु से की। उनके साथ प्रमुख निजी सचिव आदर्श श्रेष्ठ और प्रेस सलाहकार रामबहादुर रावल के अलावा अन्य अधिकारी भी हैं। वह हेलिकॉप्टर से नाम्चे पहुंची। यहां से जिला मुख्यालय सल्लेरी पहुंचीं। कार्की का स्वागत प्रमुख जिला अधिकारी और सुरक्षा निकायों के जिला प्रमुखों ने किया और उन्हें जिले की समग्र स्थिति से अवगत कराया।

प्रेस सलाहकार रावल के अनुसार, अब तक की स्थिति को देखते हुए जिला अधिकारियों ने बताया कि पांच मार्च को होने वाले चुनाव में कोई समस्या नहीं होगी। रावल ने बताया, “पिछले वर्षों के रिकॉर्ड को देखें तो मार्च में बर्फबारी नहीं हुई है। इसलिए पांच मार्च को चुनाव कराने में कोई दिक्कत नहीं होगी, ऐसा अधिकारियों ने ब्रीफ किया है।”

सोलुखुम्बु की प्रमुख जिला अधिकारी लीला केसी पाण्डे के अनुसार, जिले में कुल 123 मतदान स्थल हैं। यदि बर्फबारी होती है तो सात मतदान स्थल प्रभावित हो सकते हैं। इनमें से चार मतदान स्थल नाम्चे से ऊपर हैं। फिलहाल सभी मतदान स्थल सामान्य स्थिति में हैं। रावल के अनुसार, हिमाली जिलों की स्थिति का आकलन करने के बाद प्रधानमंत्री पश्चिमी क्षेत्रों का दौरा करेंगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement