बांग्लादेश में बीएनपी सरकार बनाने को तैयार | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

International

बांग्लादेश में बीएनपी सरकार बनाने को तैयार

Date : 13-Feb-2026

 ढाका, 13 फरवरी । बांग्लादेश में गुरुवार को हुए 13वें संसदीय चुनाव में अजेय बढ़त बरकरार रखते हुए बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने आज कहा कि वह सरकार बनाने के लिए तैयार है। बीएनपी मीडिया सेल ने एक्स पर यह दावा किया। पोस्ट में कहा गया कि बीएनपी बहुमत पार कर चुकी है। उसकी सरकार बनेगी।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में बीएनपी को चुनाव में ऐतिहासिक जीत मिलने का अनुमान है। बांग्लादेश के प्रमुख अखबार प्रोथोम अलो के अनुसार, जातीय संसद की 299 सीटों में से 236 की मतगणना की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इनमें से बीएनपी और उसके सहयोगियों ने 166, जमात-ए-इस्लामी और उसके सहयोगियों ने 58, इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश ने एक, स्वतंत्र और अन्य ने 11 सीट पर जीत दर्ज की है। अब तक नेशनल पार्टी का खाता नहीं खुल सका है।

इस बीच बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान ने समर्थकों, कार्यकर्ताओं और आम जनता से अपील की है कि चुनाव से पहले मां की मौत की वजह से जीत के जश्न को फिलहाल स्थगित कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि आप शुक्रवार की नमाज के बाद उनकी मां (खालिदा जिया) की आत्मा की शांति के लिए दुआ करें।

जातीय संसद में सरकार बनाने के लिए 151 सीटों की आवश्यकता होती है। बीएनपी इस जादुई आंकड़े को आसानी से पार कर काफी आगे बढ़ चुकी है। बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान के अगले प्रधानमंत्री बनने की प्रबल संभावना है। फिलहाल सबको निर्वाचन आयोग के आधिकारिक नतीजों का इंतजार है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement