काठमांडू में महाशिवरात्रि के मद्देनजर पशुपतिनाथ क्षेत्र के आसपास की सड़कों पर यातायात प्रतिबंधित | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

काठमांडू में महाशिवरात्रि के मद्देनजर पशुपतिनाथ क्षेत्र के आसपास की सड़कों पर यातायात प्रतिबंधित

Date : 14-Feb-2026

 काठमांडू, 14 फरवरी । नेपाल में रविवार को महाशिवरात्रि पर्व को लेकर पशुपतिनाथ मंदिर क्षेत्र में सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। पशुपतिनाथ मंदिर क्षेत्र के आसपास की सभी मुख्य तथा सहायक सड़कों पर वाहनों की आवाजाही शनिवार मध्यरात्रि से रविवार मध्यरात्रि तक पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गयी हैं।

अधिकारियों ने बताया कि पशुपति परिसर में रंग-रोगन, सफ़ाई और अन्य रखरखाव कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। बड़ी संख्या में साधु-संत पहले ही मंदिर क्षेत्र में पहुंच चुके हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने भीड़ प्रबंधन की योजनाओं को अंतिम रूप दे दिया है। श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुगम आवाजाही और पूजा में सुविधा के लिए काठमांडू ट्रैफिक पुलिस कार्यालय ने विशेष यातायात प्रबंधन योजना तैयार की है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार पशुपति दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। गौशाला क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की जाएगी। ऐसी स्थिति में सुचारु परिवहन के लिए वैकल्पिक मार्ग लागू किए जाएंगे।

काठमांडू के चाबहिल, गौशाला और तिलगंगा क्षेत्रों में यातायात पर पूरी तरह से रोक लगाई गयी है ताकि पशुपतिनाथ आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की दिक्कत न हो। ट्रैफिक पुलिस ने आज सभी अखबारों में सार्वजनिक सूचना जारी करते हुए पशुपतिनाथ मंदिर क्षेत्र के आसपास आवश्यकता अनुसार डायवर्जन योजनाएं लागू होने की जानकारी दी है।

काठमांडू ट्रैफिक पुलिस के प्रमुख एसएसपी नवराज अधिकारी के अनुसार तिनकुने से सिनामंगल की ओर, बौद्ध क्षेत्र से गौरीघाट की ओर आने वाले सभी प्रकार के वाहनों, पुराना बानेश्वर से गौशाला और नक्साल क्षेत्र से मित्रपार्क प्रवेश करने वाले वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया है।

बागमती कॉरिडोर से तथा जोरपाटी होकर चाबहिल से आने वाले वाहनों को गुह्येश्वरी के आसपास निर्धारित पार्किंग स्थलों की ओर निर्देशित किया जाएगा।

यदि गौशाला चौक पर जाम बढ़ता है तो चाबहिल से गौशाला, ओल्ड बानेश्वर से गौशाला तथा ज्ञानेश्वर–मैतीदेवी जंक्शन से रातोपुल होते हुए गौशाला जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग लागू किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर सिफल चौक से जय बागेश्वरी की ओर चलने वाले वाहनों को भी अन्य मार्गों से मोड़ा जाएगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement