काठमांडू, 21 फरवरी । नेपाल के सुनसरी के भोक्राहा में नेपाली कांग्रेस और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प को शांत करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा।
पुलिस के मुताबिक सुनसरी निर्वाचन क्षेत्र संख्या 4 के अंतर्गत आने वाले भोक्राहा में नेपाली कांग्रेस के उम्मीदवार तथा पूर्व मंत्री ज्ञानेन्द्र कार्की चुनावी सभा को संबोधित करने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आरएसपी के कुछ कार्यकर्ताओं से आमना-सामना होने पर विवाद बढ़ गया और स्थिति झड़प में बदल गई। दोनों पक्ष के कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान दोनों पक्षों के एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता घायल हो गए।
सुनसरी के पुलिस उपाधीक्षक केशव थेवे ने मीडिया कर्मियों को बताया कि नेपाली कांग्रेस के भातृ संगठन तरुण दल के कार्यकर्ताओं और आरएसपी के कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। आरएसपी के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। प्रशासन ने दोनों ही दलों के नेताओं को चेतावनी देकर कहा है कि एक ही समय में बिना प्रशासन की जानकारी के कोई भी राजनीतिक कार्यक्रम न करें।
नेपाली कांग्रेस के उम्मीदवार कार्की के मुताबिक भोक्राहा में आयोजित चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आरएसपी कार्यकर्ताओं द्वारा गाली-गलौज किए जाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस घटना के बाद वहां पुलिस बल की तैनाती की गई है।
