भोपाल, 20 अप्रैल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज सोमवार को नारी सशक्तिकरण का बड़ा आयोजन होने जा रहा है। सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक एमवीएम मैदान में आयोजित इस विशाल सम्मेलन में प्रदेशभर से करीब 15 से 20 हजार महिलाओं के शामिल होने का अनुमान है।
इस आयोजन के साथ ही बीजेपी द्वारा “नारी शक्ति” के समर्थन में एक विशाल महिला पदयात्रा भी निकाली जाएगी। यह पदयात्रा एमवीएम कॉलेज ग्राउंड (पुरानी विधानसभा) से शुरू होकर रोशनपुरा चौराहे तक जाएगी। इसमें महिला सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान के समर्थन में अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करेंगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और महिला मंत्री समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
कार्यक्रम के मद्देनज़र शहर में भारी भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। सम्मेलन में शामिल होने के लिए करीब 350 बसें और 2500 से अधिक चार पहिया वाहन शहर में प्रवेश करेंगे। इन वाहनों की पार्किंग के लिए मुख्य रूप से लाल परेड ग्राउंड को निर्धारित किया गया है, जहां से प्रतिभागियों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया जाएगा।
ट्रैफिक डायवर्जन: इन रास्तों से करें आवागमन
यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन प्लान लागू किया है—
* रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन बोर्ड ऑफिस, डीबी मॉल और सुभाष ओवरब्रिज होते हुए गुजरेंगे।
* जवाहर चौक से आने-जाने वालों को लिंक रोड नंबर-2 का उपयोग करना होगा।
* पुराने शहर से भारत टॉकीज, पुल बोगदा, जिंसी और कोर्ट चौराहा मार्ग बेहतर विकल्प रहेंगे।
* वीआईपी रोड से नए शहर की ओर जाने के लिए स्मार्ट रोड, भारत माता चौराहा और लिंक रोड-2 का रास्ता तय किया गया है।
* शहर की लोकल बसें विभिन्न प्रमुख चौराहों से होते हुए लाल परेड ग्राउंड पहुंचेंगी।
सुबह 10 बजे से कंट्रोल रूम तिराहा, गांधी पार्क, रोशनपुरा चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में भारी ट्रैफिक दबाव रहने की संभावना है।
पार्किंग व्यवस्था
* सीहोर से आने वाले वाहन रवींद्र भवन परिसर में पार्क होंगे।
* राजगढ़ जिले के वाहन एमएलए रेस्ट हाउस में खड़े किए जाएंगे।
* अन्य जिलों (भोपाल सहित) के वाहनों के लिए लाल परेड ग्राउंड निर्धारित है।
* मीडिया वाहनों की पार्किंग पुलिस कमिश्नर कार्यालय में रहेगी।
* कारों के लिए अलग से विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है।
