शुभेंदु अधिकारी का ममता बनर्जी पर तंज, बोले- नौकरी देना नहीं, बेचने का काम करती हैं मुख्यमंत्री | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

शुभेंदु अधिकारी का ममता बनर्जी पर तंज, बोले- नौकरी देना नहीं, बेचने का काम करती हैं मुख्यमंत्री

Date : 20-Apr-2026

 कोलकाता, 20 अप्रैल । पश्चिम बंगाल की राजनीति में नौकरी विवाद को लेकर एक बार फिर सियासी माहौल गरमा गया है। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि राज्य सरकार योग्य अभ्यर्थियों को नौकरी देने में विफल रही है, बल्कि नौकरी बेचने और योग्य लोगों को वंचित करने का काम किया गया है।

शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को एक्स पर जारी अपने संदेश में आरोप लगाया कि योग्य उम्मीदवारों की नौकरी छीन ली गई और अपनी राजनीतिक छवि बचाने के लिए लगातार झूठे आश्वासन दिए गए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सरकार को विवाद से निकालने के लिए कथित तौर पर पटकथा लिखी, अब उन्हीं लोगों को नौकरी का इनाम दिया जा रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की जनता जानती है कि सरकार की प्राथमिकता रोजगार देना नहीं, बल्कि नौकरी को सौदे का माध्यम बनाना रही है।

राज्य में शिक्षक भर्ती और अन्य नियुक्तियों को लेकर पहले से ही विवाद बना हुआ है। ऐसे में शुभेंदु अधिकारी के इस बयान के बाद सियासी माहौल और गरमा गया है। तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस बयान पर प्रतिक्रिया आना बाकी है।

उल्लेखनीय है कि तृणमूल के लिए राजनीतिक सलाहकार के तौर पर काम करने वाली संस्था आईपैक ने बंगाल में अपने कर्मचारियों को 20 दिनों की छुट्टी दी है। इसके बाद रविवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तारकेश्वर में एक जनसभा के मंच से घोषणा की है कि अगर आईपैक बंगाल के अपने कर्मचारियों को काम पर नहीं रखती है तो वह उनके लिए नौकरी की व्यवस्था करेंगी। इसी को लेकर शुभेंदु ने आरोप लगाया है कि जिस संस्था के लोगों ने बंगाल में नौकरियां बेचने की पटकथा लिखी, उन्हें मुख्यमंत्री नौकरी देने की बात कर रही हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement