हॉकी विश्वकप क्वालीफायरः स्कॉटलैंड से 2-2 की बराबरी के बावजूद पूल-बी में शीर्ष पर बरकरार भारत | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

International

हॉकी विश्वकप क्वालीफायरः स्कॉटलैंड से 2-2 की बराबरी के बावजूद पूल-बी में शीर्ष पर बरकरार भारत

Date : 10-Mar-2026

 हैदराबाद, 09 मार्च । भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप 2026 क्वालीफायर के पूल-बी मुकाबले में स्कॉटलैंड के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला। हैदराबाद के जीएमसी बालयोगी हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले के बाद दोनों टीमों के चार-चार अंक हो गए, लेकिन बेहतर गोल अंतर के कारण भारत तालिका में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है।

मैच की शुरुआत में स्कॉटलैंड ने आक्रामक खेल दिखाते हुए छठे मिनट में बढ़त बना ली। स्कॉटलैंड की ओर से हीथर मैकएवान ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने लगातार आक्रमण करते हुए बराबरी की कोशिश जारी रखी।

दूसरे क्वार्टर में भारत ने शानदार वापसी की। 18वें मिनट में नवनीत कौर ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद 29वें मिनट में सुनेलिता टोप्पो ने रिबाउंड पर गेंद को नेट में डालकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी।

हालांकि तीसरे क्वार्टर में स्कॉटलैंड ने वापसी की और 33वें मिनट में फियोना बर्नेट ने गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, लेकिन कोई भी निर्णायक गोल नहीं कर सका।

मैच के अंतिम चरण में भारत को कई पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन स्कॉटलैंड की गोलकीपर जेसिका बुकानन ने शानदार बचाव करते हुए टीम को हार से बचा लिया। अंततः मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ।

इस परिणाम के साथ भारत ने पूल-बी में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा और अगले मुकाबलों के लिए मजबूत स्थिति में बना हुआ है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement