जब भी मन थक जाता है और शांति की तलाश होती है, तो सबसे पहले दिमाग में पहाड़ों का ख्याल आता है. ठंडी हवा, हरियाली, बादल और सुकू, यही पहाड़ों की पहचान है. हालांकि, शिमला, मनाली, नैनीताल जैसे हिल स्टेशन बहुत मशहूर हैं, लेकिन वहां भीड़ और खर्च दोनों ज्यादा हो गए हैं. ऐसे में बहुत से लोग चाहते हैं कि कोई ऐसी जगह मिले जहां कम पैसे में, कम भीड़ में और ज्यादा सुकून के साथ छुट्टियां बिताई जा सके. अच्छी बात ये है कि भारत में ऐसे कई Hidden हिल स्टेशन हैं, जो अब भी भीड़-भाड़ से दूर हैं और जेब पर भारी भी नहीं पड़ते तो आइए भारत के ऐसे ही खूबसूरत और सस्ते हिल स्टेशनों के बारे में जानते हैं.
वट्टाकनाल, तमिलनाडु के मशहूर हिल स्टेशन कोडाईकनाल के पास स्थित एक छोटा और बेहद शांत इलाका है. यह जगह चारों ओर से हरे-भरे जंगलों और पहाड़ियों से घिरी हुई है. यहां पर्यटकों की भीड़ बहुत कम होती है, इसलिए जो लोग शांति और अकेलेपन में प्रकृति का आनंद लेना चाहते हैं, उनके लिए यह जगह परफेक्ट है. यहां इजराइली पर्यटक ज्यादा आते हैं, इसी वजह से इसे छोटा इजराइल भी कहा जाता है.
कर्सियांग, दार्जिलिंग के पास स्थित एक खूबसूरत लेकिन कम भीड़ वाला हिल स्टेशन है. इसे लैंड ऑफ व्हाइट ऑर्किड्स भी कहा जाता है. यहां फैले चाय के बागान और ठंडा मौसम मन को बहुत सुकून देते हैं. यहां दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे की सवारी का मज़ा भी लिया जा सकता है. जो लोग दार्जिलिंग की भीड़ से बचना चाहते हैं, उनके लिए कर्सियांग एक बेहतरीन ऑप्शन है.
कल्पेट्टा, केरल के वायनाड जिले में स्थित है और अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत माहौल के लिए जाना जाता है. यह जगह चाय और कॉफी के बागानों से घिरी हुई है. यहां से चेम्ब्रा पीक और घने जंगलों का नजारा देखने को मिलता है. नेचर लवर्स और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है.
अराकू घाटी आंध्र प्रदेश में स्थित है और अपने जनजातीय (ट्राइबल) कल्चर के लिए काफी मशहूर है. यहां ठंडी हवा, रंग-बिरंगे फूल, झरने और गुफाएं देखने को मिलती हैं. आप यहां बोरा गुफाएं देख सकते हैं और ट्राइबल म्यूजियम में स्थानीय संस्कृति को करीब से जान सकते हैं. यह जगह प्रकृति और संस्कृति दोनों का सुंदर मेल है.
उत्तराखंड को देवभूमि कहा जाता है और यहां कई ऐसे हिल स्टेशन हैं जो बजट में घूमने के लिए बेहतरीन हैं. जैसे भीमताल नैनीताल से शांत और सस्ता, झील, बोटिंग और ट्रेकिंग के लिए मशहूर, चकराता देहरादून के पास स्थित, भीड़ से दूर और नेचर से भरपूर, अल्मोड़ा हिमालय की वादियों से घिरा, मंदिरों और प्राकृतिक नजारों के लिए जाना जाता है.
हिमाचल प्रदेश में भी कई ऐसे हिल स्टेशन हैं जहां कम खर्च में शानदार ट्रिप की जा सकती है. जैसे तीर्थन घाटी, नदी किनारे कॉटेज, शांति और ट्राउट फिशिंग के लिए मशहूर. चैल, दुनिया के सबसे ऊंचे क्रिकेट ग्राउंड के लिए जाना जाता है, यहां 500–1000 रुपये में होटल मिल जाते हैं. मलाणा अपनी अलग संस्कृति और शांत माहौल के लिए प्रसिद्ध एक छोटा गांव.
