Quote :

" लक्ष्य निर्धारण एक सम्मोहक भविष्य का रहस्य है " -टोनी रॉबिंस

National

हज यात्रियों को लेकर दिल्ली की पहली उड़ान मदीना पहुंची

Date : 09-May-2024

 नई दिल्ली, 09 मई । राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 से 280 हज यात्रियों को लेकर पहली उड़ान सऊदी अरब के शहर मदीना पहुंच गई है।

हज यात्रियों के पहले जत्थे को लेकर देर रात करीब पौने तीन बजे हवाई जहाज ने दिल्ली से उड़ान भरी। हवाई अड्डे पर हज यात्रियों को विदाई देने के लिए हज कमेटी आफ इंडिया के सीईओ लियाकत अली आफाकी, दिल्ली राज्य हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां, सदस्य मोहम्मद साद, दिल्ली राज्य हज कमेटी के अधिशासी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी, उप अधिशासी अधिकारी मोहसिन अली, हज कमेटी ऑफ़ इंडिया, दिल्ली स्टेट हज कमेटी, विदेश मंत्रालय अल्पसंख्यक मंत्रालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

इस मौके पर पहली उड़ान से हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों खासतौर से महिला यात्रियों को फूल-माला पहनाकर पवित्र यात्रा के लिए रुखसत किया गया। दिल्ली राज्य हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने महिला यात्रियों को फूल-माला पहनाकर रुखसत किया। उन्होंने हज यात्रियों से देश और दिल्ली की उन्नति, खुशहाली और अमन चैन के लिए पवित्र मक्का मदीना में विशेष दुआएं करने की अपील भी की।

हज कमेटी ऑफ इंडिया के सीईओ लियाकत अली आफाकी ने बताया कि आज से हज ऑपरेशन शुरू हो गया है। राजधानी दिल्ली सहित देशभर के 10 इंबारकेशन पॉइंट से हज यात्रियों को सीधे मदीना-मुन्नवारा पहुंचाया जा रहा है। यह सिलसिला 25 मई तक जारी रहेगा। उसके बाद 26 मई से दूसरा चरण शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हज यात्रियों को किसी भी तरह की कोई असुविधा न हो, इसके लिए हज कमेटी ऑफ़ इंडिया ने विदेश मंत्रालय और केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्रालय के साथ मिलकर सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement