राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कश्मीर घाटी में आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले हिज्बुल मुजाहिदीन के एक सक्रिय सदस्य तारिक अहमद मीर की अचल संपत्तियां कुर्क कर ली हैं। यह कार्रवाई जम्मू स्थित एनआईए की विशेष अदालत के आदेश पर की गई।
एनआईए के अनुसार, तारिक अहमद मीर हथियार और गोला-बारूद की आपूर्ति में शामिल था और उसे इस साल अप्रैल में गिरफ्तार कर आरोप-पत्र दाखिल किया गया था। एजेंसी ने बताया कि उसकी संपत्तियों की कुर्की कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को कमजोर करने और देश की शांति, स्थिरता व साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
यह कार्रवाई एनआईए द्वारा आतंकवाद के आर्थिक स्रोतों को खत्म करने के अभियान का हिस्सा है, जिसमें घाटी में आतंकियों और उनके मददगारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
