राजस्थान में दिन में चढ़ने लगी गर्मी, आठ शहरों में पारा 30 के पार | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

राजस्थान में दिन में चढ़ने लगी गर्मी, आठ शहरों में पारा 30 के पार

Date : 10-Feb-2026

 जयपुर, 10 फ़रवरी । राजस्थान में अब सर्दी का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है और दिन गर्म होने लगे हैं। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक ऊपर मापा जा रहा है। दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है।

सोमवार को बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर सहित प्रदेश के आठ शहरों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया। बाड़मेर में दिन का सबसे अधिक तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर में 30.6 डिग्री, फलोदी व जवाई (पाली) में 30.2, डूंगरपुर में 30.1, जालोर में 30 तथा चित्तौड़गढ़ में 30.6 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।

इन सभी शहरों में तापमान औसत से दो से पांच डिग्री अधिक रहा।

अन्य शहरों में भीलवाड़ा में अधिकतम तापमान 29.3, जयपुर में 27, अजमेर में 28.4, पिलानी में 26.9, सीकर में 27.4, उदयपुर में 29.5, कोटा में 27.9, चूरू में 29.8, श्रीगंगानगर में 26.3 और नागौर में 29.9 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इन शहरों में भी तापमान औसत से करीब दो डिग्री ऊपर रहा। दिन के साथ-साथ अब रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है। इससे लोगों को रात की तेज सर्दी से कुछ राहत मिलने लगी है। डूंगरपुर में न्यूनतम तापमान 14.9, बीकानेर में 15.3, जैसलमेर में 14.6, जयपुर में 13.7 और प्रतापगढ़ में 13.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। हालांकि पाली प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य में अगले तीन से चार दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है और तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। पिछले 24 घंटों में उत्तरी जिलों को छोड़कर अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही। बीकानेर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में सुबह से दोपहर तक हल्के बादल छाए रहे, लेकिन शाम तक मौसम साफ हो गया। सीकर में सोमवार को दिनभर मौसम साफ बना रहा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement