पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने वाली हैः रेखा गुप्ता | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने वाली हैः रेखा गुप्ता

Date : 21-Apr-2026

 आसनसोल, 21 अप्रैल । आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल के समर्थन में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जेके नगर इलाके में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने खुली गाड़ी से लोगों का अभिवादन किया और जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की तृणमूल सरकार पर जमकर निशाना साधा।

अपने संबोधन में रेखा गुप्ता ने दावा किया कि आप सबका उत्साह और उमंग देखकर मुझे पूरा विश्वास है कि ममता सरकार अब जाने वाली है और बंगाल में भाजपा की सरकार बनने वाली है। आपका यही जोश अग्निमित्रा पाल को दोबारा विधायक बनाएगा। उन्होंने कहा कि अग्निमित्रा पाल एक साहसी नेता हैं, जो जनता के लिए लड़ती हैं और तृणमूल के गुंडों को करारा जवाब देती हैं। उन्होंने दावा किया कि अग्निमित्रा पाल के रहते किसी भी टीएमसी कार्यकर्ता की हिम्मत नहीं होगी कि वह आम जनता को परेशान करे।

उन्होंने आगे कहा कि अग्निमित्रापाल के पीछे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का नेतृत्व है। उनके नेतृत्व में बंगाल ने ठान लिया है कि अब यहां विकास की राजनीति होगी। महिलाओं को सम्मान मिलेगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा और किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास और विश्वास की राजनीति करती है।

रेखा गुप्ता ने खनन माफिया और सिंडिकेट पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर इन पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी और जो भी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, उनकी फाइलें खोलकर उन्हें जेल भेजा जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे डटकर खड़े रहें और इस बार बदलाव के लिए मतदान करें। उन्होंने कहा कि यह केवल भाजपा की जीत नहीं होगी, बल्कि पूरे बंगाल की जीत होगी। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की अस्मिता की रक्षा की जाएगी और घुसपैठ को पूरी तरह रोका जाएगा।

इसके बाद अग्निमित्रा पाल ने भी पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा के घोषणापत्र में महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि “दुर्गा शक्ति स्क्वॉड” का गठन किया जाएगा, जिससे महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में एक महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद महिलाओं को न तो सुरक्षा मिली है और न ही सम्मान।

हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि बाबर के नाम पर मस्जिद बनाने की बात का वे विरोध करती हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी महान व्यक्ति जैसे पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के नाम पर कोई निर्माण होता तो किसी को आपत्ति नहीं होती, लेकिन धर्म के आधार पर राजनीति करना उचित नहीं है।

उन्होंने तृणमूल सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में राज्य में न तो रोजगार मिला, न ही बुनियादी सुविधाओं का विकास हुआ। केवल धर्म की राजनीति की गई है। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोग अब जागरूक हो चुके हैं और उन्हें रोजगार, घर, पानी और बेहतर बुनियादी ढांचा चाहिए।

अग्निमित्रा पाल ने विश्वास जताया कि जनता बदलाव के लिए तैयार है और इस बार राज्य में सरकार बदलेगी। उन्होंने कहा कि वे लगातार जमीनी स्तर पर लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझ रही हैं और जनता भी साफ तौर पर कह रही है कि उन्हें तृणमूल सरकार नहीं चाहिए।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement