धमतरी : कसावाही में पेयजल संकट के स्थायी समाधान की तैयारी, ग्रामीणों ने गर्मी में धान नहीं लगाने का लिया संकल्प | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

धमतरी : कसावाही में पेयजल संकट के स्थायी समाधान की तैयारी, ग्रामीणों ने गर्मी में धान नहीं लगाने का लिया संकल्प

Date : 09-May-2026

 धमतरी, 09 मई। भीषण गर्मी के बीच ग्राम कसावाही में पेयजल समस्या के समाधान को लेकर प्रशासन अब गंभीरता से जुट गया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा शनिवार सुबह स्वयं गांव पहुंचे और ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। बरगद और नीम की छांव में कलेक्टर ने ग्रामीणों, किसानों और महिलाओं ने चर्चा की।

कलेक्टर ने कहा कि गांव में पेयजल संकट की सूचना मिलते ही प्रशासन द्वारा तत्काल बोर खनन का कार्य शुरू कराया गया है, ताकि लोगों को तात्कालिक राहत मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल अस्थायी व्यवस्था है और भविष्य में पाइपलाइन विस्तार सहित स्थायी पेयजल योजना तैयार कर गांव की समस्या का पूरी तरह समाधान किया जाएगा। ग्रामीणों से चर्चा के दौरान कलेक्टर ने जल संरक्षण की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने किसानों से अपील की कि गर्मी के मौसम में धान की खेती से बचें, क्योंकि अत्यधिक जल दोहन से भू-जल स्तर लगातार गिर रहा है। उन्होंने कहा कि पानी बचाना आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करना है। कलेक्टर की अपील पर ग्रामीणों और किसानों ने अगले वर्ष से गर्मी में धान की फसल नहीं लेने तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का सामूहिक संकल्प लिया।

कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से भी चर्चा की और उन्हें मुर्गीपालन, बकरीपालन तथा अन्य आजीविका गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। किसानों को कम पानी वाली वैकल्पिक फसलों जैसे सब्जी-भाजी, रागी और औषधीय खेती की ओर बढ़ने की सलाह दी गई। गांव की स्वच्छता व्यवस्था से प्रभावित होकर कलेक्टर ने ग्रामीणों की सराहना की और स्वच्छता सम्मान राशि भेंट की। इस दौरान उन्होंने पंचायत भवन एवं स्कूल परिसर में निर्माणाधीन शेड कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र ठाकुर, एसडीएम पीयूष तिवारी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement