उत्कृष्ट कार्य करने वाले छह जांबाजों को मिला कांस्टेबल ऑफ द मंथ का अवार्ड | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

उत्कृष्ट कार्य करने वाले छह जांबाजों को मिला कांस्टेबल ऑफ द मंथ का अवार्ड

Date : 12-May-2026

 जयपुर, 12 मई । जयपुर पुलिस कमिश्ररेट में मंगलवार को आयोजित विशेष समारोह में अप्रैल 2026 के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले छह पुलिसकर्मियों को कांस्टेबल ऑफ द मंथ अवार्ड से सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने सभी जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने कहा कि आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय की भावना को मजबूत करने में पुलिसकर्मियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान जवानों का मनोबल बढ़ाने के साथ अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सम्मानित पुलिसकर्मियों में मोती डूंगरी थाने के कांस्टेबल बनवारी लाल शामिल रहे। जिन्होंने संगठित अपराध के मुख्य सरगना एवं पांच माह से फरार 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश आकाश बिलोनिया को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 37 आपराधिक मामले दर्ज हैं। साथ ही वैशाली नगर थाने के कांस्टेबल दीपचंद को मॉर्निंग वॉक पर जा रही महिला से चेन स्नेचिंग करने वाले बदमाशों को पकड़वाने के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी कुलदीप सोनी, आदिल कुरैशी और मोहम्मद मोईन को वारदात में प्रयुक्त कार और अपाचे बाइक सहित गिरफ्तार करवाया।

वहीं आमेर थाने के कांस्टेबल विरेन्द्र कुमार ने आमेर महल आने वाले विदेशी पर्यटकों को परेशान करने वाले लपका गिरोह के खिलाफ कार्रवाई कर पर्यटकों को राहत दिलाई। वहीं विदेशी महिला पर्यटक से छेड़छाड़ मामले में वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस की छवि मजबूत की। इसके अलावा शिप्रापथ थाने के कांस्टेबल राजू चौधरी ने मजबूत आसूचना तंत्र विकसित कर अप्रैल माह में 18 अपराधियों को गिरफ्तार करवाया तथा लंबे समय से फरार 48 स्थाई वारंटियों को पकड़कर मामलों का निस्तारण करवाया। यातायात पश्चिम में तैनात कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार ने हाथोज स्टैंड पर ड्यूटी के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चल रहे संदिग्ध वाहन को पकड़कर कालवाड़ थाने में मामला दर्ज कराया और पुलिस कमिश्ररेट कार्यालय में कार्यरत कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार यादव को गोपनीय एवं महत्वपूर्ण पत्रों का समय पर ई-मेल और फैक्स के माध्यम से आदान-प्रदान सुनिश्चित करने तथा देर रात तक लगन से कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।

इस समारोह के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सम्मानित जवानों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement