हिमाचल के चार नगर निगमों में कांग्रेस के खिलाफ आरोप पत्र जारी करेगी भाजपा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

हिमाचल के चार नगर निगमों में कांग्रेस के खिलाफ आरोप पत्र जारी करेगी भाजपा

Date : 14-May-2026

 शिमला, 14 मई। हिमाचल प्रदेश में 17 मई को होने वाले नगर निगम चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ बड़ा राजनीतिक अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। भाजपा धर्मशाला, पालमपुर, सोलन और मंडी नगर निगम क्षेत्रों में कांग्रेस सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी करेगी। पार्टी का कहना है कि इन आरोप पत्रों के जरिए वह जनता के सामने कांग्रेस सरकार की विफलताओं, झूठी गारंटियों और जनविरोधी नीतियों को रखेगी।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद ठाकुर ने गुरूवार को शिमला में कहा कि पार्टी ने चारों नगर निगमों में अपने वरिष्ठ नेताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी है। धर्मशाला में पूर्व मंत्री विक्रम ठाकुर, पालमपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मंत्री विपिन परमार, सोलन में भाजपा नेता राजेश कश्यप और शैलेन्द्र गुप्ता, जबकि मंडी में विधायक और भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमबाल जनता के सामने आरोप पत्र पेश करेंगे।

विनोद ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून व्यवस्था कमजोर हुई है, भ्रष्टाचार बढ़ा है और आम लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उनका कहना है कि कांग्रेस ने चुनावों से पहले जो गारंटियां दी थीं, उनमें से एक भी पूरी नहीं हुई।

विनोद ठाकुर ने कहा कि भाजपा नगर निगम चुनावों में विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल वादों और भ्रम की राजनीति कर रही है। भाजपा का दावा है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के कामकाज से निराश है और आने वाले नगर निगम चुनावों में इसका असर देखने को मिलेगा।

भाजपा के मुताबिक यह आरोप पत्र केवल चुनावी दस्तावेज नहीं होगा, बल्कि कांग्रेस सरकार के करीब ढाई साल के कार्यकाल का तथ्यात्मक लेखा-जोखा होगा। पार्टी इन दस्तावेजों के माध्यम से यह बताने की कोशिश करेगी कि प्रदेश आर्थिक संकट, अव्यवस्था और भ्रष्टाचार की ओर बढ़ा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement