सीहोर, 14 मई । मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में शिक्षा विभाग में लंबित कार्यों जैसे जल गंगा संवर्धन अभियान, डब्ल्यूओडब्ल्यू एप, लैपटॉप के खाते का अपडेशन, नामांकन, ईसर्विस बुक अपडेट, पोर्टल 3.0 पर एंट्री, सर्विस रिकॉर्ड अपडेट, साइकिल वितरण, पाठ्यपुस्तक वितरण, फेल्ड एकाउन्ट तथा छात्रवृत्ति सहित अनेक लंबित कार्य शीघ्रता से पूर्ण करने के लिए सभी विकास खंडों बुधनी, भैरूंदा, सीहोर, आष्टा और इछावर के निर्धारित उत्कृष्ट उमावि एवं सांदीपनि स्कूलों में आज गुरुवार से प्रात: 10:30 बजे से निरंतर कैंप आयोजित किए जाएंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी संजय सिंह तोमर ने बताया कि इन कैंप में सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों के प्राचार्य उपस्थित होकर लंबित कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करेंगे। अधिकारियों द्वारा कार्यों का निरीक्षण भी किया जाएगा। कैंप में संस्था प्राचार्य, संबंधित शिक्षक, कम्प्यूटर ऑपरेटर सहित उपस्थित होकर शाला के पोर्टल से संबंधित लंबित कार्य संपादित करेंगे। इसके साथ ही प्रतिदिन कार्य की समीक्षा भी की जाएगी। कार्य समय सीमा में पूर्ण न होने एवं अनुपस्थित होने पर प्राचार्य का एक दिवस का वेतन काटा जाएगा और कार्यवाही की जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी तोमर द्वारा सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो कक्षा 1 से 12 तक के समस्त कार्य की सतत निगरानी करेंगे। उल्लेखनीय है कि लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा सीहोर जिले में शिक्षा विभाग से संबंधित लंबित कार्यों को समय सीमा में शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
