मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का सितम जारी, मालवा-निमाड़ में लू का ऑरेंज अलर्ट, कल से भोपाल-जबलपुर भी तपेंगे | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का सितम जारी, मालवा-निमाड़ में लू का ऑरेंज अलर्ट, कल से भोपाल-जबलपुर भी तपेंगे

Date : 14-May-2026

 भोपाल, 14 मई । मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहा है। बुधवार को मालवा-निमाड़ क्षेत्र समेत इंदौर और उज्जैन संभाग में तेज गर्मी और लू का असर देखने को मिला। छतरपुर के खजुराहो में सबसे अधिक 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश का बड़ा हिस्सा हीट वेव की चपेट में रहेगा। गुरुवार को इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में तीव्र लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी और वॉर्म नाइट की स्थिति बनी रहेगी। इसके अलावा झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, देवास, सीहोर, शाजापुर, आगर-मालवा और राजगढ़ में भी गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर समेत कई जिलों में भी तेज गर्मी का अनुमान जताया है। शाजापुर, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, टीकमगढ़ और छतरपुर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है।

बुधवार को प्रदेश के 12 शहरों में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया। खजुराहो सबसे गर्म रहा। वहीं रतलाम में 45.2 डिग्री और धार में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। शाजापुर में 44.7 डिग्री, गुना में 44.6 डिग्री, श्योपुर और सागर में 44.4 डिग्री, खरगोन और रायसेन में 44.2 डिग्री, खंडवा में 44.1 डिग्री तथा दमोह में 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों में उज्जैन सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में 43.2 डिग्री, इंदौर में 43.6 डिग्री, ग्वालियर में 42 डिग्री और जबलपुर में 42.7 डिग्री तापमान रहा।

हालांकि तेज गर्मी के बीच कुछ इलाकों में मौसम बदला हुआ भी नजर आया। जबलपुर और सिवनी में बारिश हुई, जबकि पांढुर्णा में ओलावृष्टि दर्ज की गई। कई जिलों में आंधी का असर भी बना रहा। मौसम विभाग के मुताबिक 17 मई तक प्रदेश में गर्मी का असर तेज बना रहेगा। खासकर इंदौर और उज्जैन संभाग में लू का प्रभाव अधिक रहेगा, इसलिए वहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में भी हीट वेव की चेतावनी दी गई है।

गौरतलब है कि अप्रैल के आखिरी सप्ताह से प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर शुरू हुआ था। 10 मई तक लगातार कई दिनों तक बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का असर देखने को मिला। पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवात और ट्रफ सिस्टम की वजह से मौसम में बदलाव बना रहा। हालांकि अब बारिश का दौर थमने के बाद गर्मी ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement