नई दिल्ली, 20 मई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने छह दिवसीय पांच देशों के विदेश दौरे के अंतिम चरण में कल रात इटली की राजधानी रोम पहुंचे जहां इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री माेदी के सम्मान में रात्रिभाेज का आयाेजन किया और इस माैके पर दोनों नेताओं ने भारत‑इटली संबंधों को और मजबूत बनाने काे लेकर अनाैपचारिक रूप से गहन विचार‑विमर्श किया।
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इटली पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत विशेष अंदाज में किया और उनके साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, "मेरे दोस्त, रोम में आपका स्वागत है।"
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि रोम पहुंचने पर उन्हें प्रधानमंत्री मेलोनी से डिनर पर मिलने और कोलोसियम का दौरा करने का अवसर मिला। कई विषयों पर विचार साझा किए गए और आज होने वाली वार्ता में भारत‑इटली मित्रता को और बढ़ाने पर चर्चा जारी रहेगी।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने इटली में भारतीय समुदाय से भी मुलाकात की। उन्होंने एक अन्य पोस्ट मे इसकी जानकारी देते हुए लिखा किभारतीय समुदाय द्वारा रोम में दिए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए मैं अत्यंत आभारी हूं। उनका भारत के प्रति गहरा स्नेह और भारत‑इटली संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता सराहनीय है। भारतीय प्रवासी दुनिया भर में हमारे राष्ट्र को गौरवान्वित करते हैं।”
साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने इटली के प्रसिद्ध चित्रकार जियाम्पाओलो टोमासेट्टी से भी मुलाकात की। उन्होंने काशी पर आधारित उनकी पेंटिंग देखी। प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा कि रोम में काशी की झलक। टोमासेट्टी का भारतीय संस्कृति के प्रति लगाव चार दशक पुराना है। उन्होंने 1980 के दशक में वैदिक संस्कृति पर आधारित पुस्तकों के लिए चित्रण किया और 2008 से 2013 के बीच महाभारत पर आधारित 23 बड़ी पेंटिंग्स तैयार कीं।
प्रधानमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि रोम में भारतीय नृत्य के प्रति उत्साही पांच इतालवी कलाकारों स्वामिनी आत्मानंद गिरी, मार्टिना मीनाक्षी आर्गादा, लुक्रेज़िया मैनिस्कोटी, वलेरिया वेस्पाजियानी और रोसेला फनेलीने ‘त्रिगलबंदी’ प्रस्तुत किया, जिसमें कुचिपुड़ी, भरतनाट्यम और कथक शामिल थे। उन्होंने लिखा कि यह देखना अद्भुत है कि भारतीय नृत्य शैलियां वैश्विक स्तर पर रुचि और आकर्षण का केंद्र बन रही हैं।
